लालगंज (आजमगढ़)। ग्रामीण क्षेत्रों में पेट्रोल और डीजल की आपूर्ति बाधित होने से आमजन को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। हालात यह हैं कि देवगांव–मेहनाजपुर, देवगांव–जिवली, लालगंज–तरवां तथा तरवां–मेहनाजपुर मार्ग सहित कई ग्रामीण इलाकों में स्थित पेट्रोल पंपों पर ईंधन उपलब्ध न होने के कारण वे बंद पड़े हैं। वहीं मुख्य मार्गों पर स्थित कुछ चुनिंदा पेट्रोल पंपों पर ही पेट्रोल और डीजल की आपूर्ति हो पा रही है।
ईंधन की कमी के चलते ग्रामीणों को पेट्रोल और डीजल के लिए दूर-दराज के क्षेत्रों तक जाना पड़ रहा है। इससे लोगों का समय और धन दोनों खर्च हो रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि ईंधन संकट का असर खेती-किसानी, यातायात और दैनिक कार्यों पर भी पड़ने लगा है।
उल्लेखनीय है कि शासन स्तर से लगातार यह दावा किया जा रहा है कि पेट्रोल और डीजल की कोई कमी नहीं है तथा लोगों से अनावश्यक भीड़ न लगाने और ईंधन का भंडारण न करने की अपील की जा रही है। इसके बावजूद ग्रामीण क्षेत्रों में आपूर्ति व्यवस्था प्रभावित होने से लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है।
इस संबंध में पूछे जाने पर पूर्ति निरीक्षक राज कमल राय ने बताया कि उन्हें ग्रामीण क्षेत्रों के पेट्रोल पंपों के बंद होने की जानकारी नहीं है।
स्थानीय ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि मामले की तत्काल जांच कर ग्रामीण क्षेत्रों के सभी पेट्रोल पंपों पर पेट्रोल और डीजल की नियमित आपूर्ति सुनिश्चित कराई जाए, ताकि लोगों को हो रही परेशानी से राहत मिल सके।