Breaking News

🚩 लालगंज को रेल लाइन से जोड़ने की मांग को लेकर निकला मशाल जुलूस, सैकड़ों लोगों ने भरी हुंकार


आज़मगढ़।

रिपोर्ट: अंजनी राय

देवगांव (आजमगढ़)। वाराणसी से वाया डोभी, देवगांव, लालगंज, मोहम्मदपुर, रानी की सराय, आजमगढ़ होते हुए गोरखपुर तक नई रेलवे लाइन निर्माण की मांग को लेकर चल रहे जन आंदोलन के तहत शुक्रवार शाम देवगांव बाजार में विशाल मशाल जुलूस निकाला गया। रेल पथ निर्माण संघर्ष समिति के संयोजक राजेश शुक्ला के नेतृत्व में आयोजित इस जुलूस में क्षेत्र के युवाओं, व्यापारियों, किसानों, छात्रों, अधिवक्ताओं, ग्राम प्रधानों एवं विभिन्न सामाजिक संगठनों के लोगों ने बड़ी संख्या में भाग लिया।

मशाल जुलूस देवगांव बाजार के दक्षिणी छोर स्थित सहिमल पोखरा से शुरू होकर उत्तरी छोर ज्यूली मोड़ तक पहुंचा। हाथों में स्टील से निर्मित बड़ी मशालें लिए लोग "लालगंज को रेल से जोड़ो" के नारे लगाते हुए पूरे उत्साह और जोश के साथ आगे बढ़ते रहे। जुलूस का समापन ज्यूली मोड़ पर सभा के रूप में हुआ।

सभा को संबोधित करते हुए संघर्ष समिति के संयोजक राजेश शुक्ला ने कहा कि वाराणसी से लालगंज होते हुए आजमगढ़ और गोरखपुर तक प्रस्तावित रेलवे लाइन को मेहनगर क्षेत्र की ओर स्थानांतरित कर दिया गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकारी अभिलेखों में इसे आज भी "लालगंज रेलवे लाइन" के नाम से दर्शाया जा रहा है, जबकि इसका लालगंज से कोई सीधा संबंध नहीं रह गया है। उन्होंने कहा कि यदि यह परियोजना वर्तमान स्वरूप में पूरी हो गई तो लालगंज क्षेत्र भविष्य में रेलवे सुविधा से वंचित रह जाएगा।

संतोष राय ने कहा कि जब तक लालगंज को रेलवे लाइन से जोड़ने की मांग पूरी नहीं हो जाती, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। वहीं रामचंद्र राम ने कहा कि क्षेत्र के हित में जितना भी संघर्ष करना पड़े, लोग पीछे नहीं हटेंगे। रमेश यादव ने आंदोलन के नेतृत्व के लिए राजेश शुक्ला का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जनता पूरी मजबूती के साथ इस लड़ाई में साथ खड़ी है। मुजम्मिल ने भी लालगंज में रेलवे लाइन निर्माण की जोरदार मांग उठाई।

मशाल जुलूस को स्थानीय व्यापारियों का भी व्यापक समर्थन मिला। पूरे कार्यक्रम के दौरान युवाओं में विशेष उत्साह देखने को मिला और आंदोलन शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।

इस अवसर पर पूर्व महाप्रधान उदयभान राजभर, पूर्व ग्राम प्रधान अजय सिंह, प्रधान पारस यादव, पूर्व प्रधान सोनू तिवारी, राजेश सिंह, मंटू सिंह, आनंद सिंह, अशोक गुप्ता, अजय शर्मा, संजय शुक्ला, देवगांव अपना ट्रस्ट के इरफान अहमद, सुनील गुप्ता, डीएचपी के विद्युत चौरसिया, अवधेश सेठ, गोरख गुप्ता, अखिलेश सोनी, देवगांव के प्रधान काजू यादव, पवन यादव, बनारपुर के प्रधान काशीफ भाई, मिट्ठू भाई, भाजपा नेता धर्मराज सिंह, इंद्रेश मिश्रा, राजेंद्र तिवारी, राजेश सरोज सहित क्षेत्र के सैकड़ों लोग उपस्थित रहे।

वीडियो खबर के लिए क्लिक करें।

और नया पुराने