सड़क हादसे में घायल पूर्व प्रधान की इलाज के दौरान मौत


आज़मगढ़।

रिपोर्ट: वीर सिंह

अज्ञात ट्रक की टक्कर से हुए थे गंभीर रूप से घायल, परिजनों में मचा कोहराम

आजमगढ़। रौनापार थाना क्षेत्र में सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल पूर्व प्रधान की इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। वहीं गांव में भी शोक की लहर है।

जानकारी के अनुसार, सोहराभार गांव निवासी पूर्व प्रधान राम सिंह पटेल (52) बीते आठ सितंबर की देर शाम बाइक से अपने घर लौट रहे थे। बताया जा रहा है कि रौनापार थाना क्षेत्र के कांखभार के पास निर्माणाधीन पेट्रोल पंप के समीप पहुंचने पर उनकी बाइक को एक अज्ञात ट्रक ने टक्कर मार दी। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया।

दुर्घटना में राम सिंह पटेल गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजनों ने उन्हें उपचार के लिए आजमगढ़ स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनका इलाज चल रहा था। शुक्रवार को उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।

मौत की सूचना मिलते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। घटना के बाद गांव में भी मातम का माहौल है।

पुलिस के अनुसार, मृतक के परिजनों की ओर से तहरीर प्राप्त हुई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस अज्ञात वाहन और उसके चालक की पहचान के साथ ही हादसे की परिस्थितियों की जांच कर रही है।

और नया पुराने