दिव्यांग को बंधक बनाकर जमीन का बैनामा कराने के आरोप में गैंगस्टर एक्ट की कार्रवाई


आज़मगढ़।

रिपोर्ट: वीर सिंह

कप्तानगंज पुलिस ने गैंगलीडर जयप्रकाश यादव उर्फ गोलई को किया गिरफ्तार, न्यायालय से भेजा गया जेल

आजमगढ़। कप्तानगंज थाना क्षेत्र में एक दिव्यांग व्यक्ति को कथित तौर पर अगवा कर बंधक बनाने और जान से मारने की धमकी देकर उसकी जमीन का बैनामा कराने के मामले में पुलिस ने गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई की है। मामले में वांछित बताए जा रहे गैंगलीडर जयप्रकाश यादव उर्फ गोलई को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।



पुलिस के अनुसार, कप्तानगंज थाने में दर्ज मुकदमा अपराध संख्या 41/2026 से संबंधित आरोपियों पर गैंग बनाकर आपराधिक गतिविधियों को अंजाम देने का आरोप है। पुलिस का कहना है कि गिरोह के सदस्यों ने लकवा से पीड़ित दिव्यांग विष्णु यादव को कथित तौर पर जबरन वाहन में बैठाकर अपने घर ले जाकर बंधक बनाया। आरोप है कि जान से मारने का भय दिखाकर उसका आधार कार्ड ले लिया गया और बाद में करीब आठ बिस्वा जमीन का बैनामा करा लिया गया।

पुलिस के मुताबिक इस मामले में गैंगलीडर जयप्रकाश यादव उर्फ गोलई और सदस्य गुड्डू यादव के खिलाफ उत्तर प्रदेश गिरोहबंद एवं समाज विरोधी क्रियाकलाप निवारण अधिनियम-1986 के तहत मुकदमा अपराध संख्या 279/2026 दर्ज किया गया।

जेहरा पिपरी मोड़ से गिरफ्तारी

पुलिस के अनुसार, 11 सितंबर 2026 को वरिष्ठ उपनिरीक्षक गंगाराम बिन्द पुलिस टीम के साथ वांछित आरोपियों की तलाश में थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि गैंगस्टर एक्ट के मुकदमे में वांछित जयप्रकाश यादव उर्फ गोलई जेहरा पिपरी मोड़ पर मौजूद है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की। पुलिस को देखकर आरोपी ने भागने का प्रयास किया, लेकिन टीम ने उसे पकड़ लिया।

पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम जयप्रकाश यादव उर्फ गोलई पुत्र सल्टन यादव, निवासी छाता का पुरा, थाना कप्तानगंज, उम्र करीब 53 वर्ष बताया। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर नियमानुसार न्यायालय में प्रस्तुत किया, जहां से जेल भेज दिया गया।

चार मुकदमे दर्ज होने का पुलिस का दावा

पुलिस के अनुसार, जयप्रकाश यादव उर्फ गोलई के खिलाफ कप्तानगंज थाने में कुल चार मुकदमे दर्ज हैं। इनमें मारपीट, बलवा, गाली-गलौज, धमकी, महिला से अभद्रता, बंधक बनाने और जमीन से संबंधित अपराध के साथ गैंगस्टर एक्ट का मामला शामिल है।

गिरफ्तारी करने वाली टीम में वरिष्ठ उपनिरीक्षक गंगाराम बिन्द, उपनिरीक्षक अमन तिवारी, कांस्टेबल लोकेश पाण्डेय और कांस्टेबल अप्पू कुमार शामिल रहे।

नोट: मामले में पुलिस द्वारा लगाए गए आरोपों पर अंतिम निर्णय न्यायालय में विचारण के बाद होगा।

और नया पुराने