निजामाबाद और मेंहनगर पुलिस की कार्रवाई, दोनों आरोपियों को न्यायालय भेजा गया
आजमगढ़। जिले के निजामाबाद और मेंहनगर थाना पुलिस ने शादी का झांसा देकर युवतियों का शारीरिक शोषण करने तथा विरोध करने पर धमकी देने के आरोप में वांछित चल रहे दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों को आवश्यक कार्रवाई के बाद न्यायालय में पेश किया।
निजामाबाद थाना क्षेत्र में पीड़िता की तहरीर के आधार पर पूनापोखर, थाना सरायमीर निवासी विजय प्रकाश सोनकर के खिलाफ करीब छह वर्षों तक शादी का झांसा देकर शारीरिक शोषण करने और शादी के लिए कहने पर धमकी देने के आरोप में मुकदमा दर्ज किया गया था। पुलिस के अनुसार मामले में मु0अ0सं0 224/2026 के तहत धारा 69, 89, 351(3), 352 बीएनएस तथा पॉक्सो एक्ट की धारा 5L/6 में कार्रवाई की गई।
पुलिस के मुताबिक 11 सितंबर 2026 को उपनिरीक्षक कमला प्रसाद ने हमराह पुलिसकर्मियों के साथ कार्रवाई करते हुए विजय प्रकाश सोनकर को मुईया मोड़ के पास करीब 10:40 बजे गिरफ्तार किया।
वहीं मेंहनगर थाना क्षेत्र में 10 सितंबर को वादिनी की तहरीर पर पिलखुवा निवासी अजीत उर्फ रुदल राजभर के खिलाफ शादी का झांसा देकर करीब छह वर्षों तक शारीरिक शोषण करने तथा शादी से मुकरने पर गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने के आरोप में मुकदमा दर्ज किया गया था। पुलिस ने मु0अ0सं0 313/2026 के तहत धारा 69, 352 और 351(3) बीएनएस में मामला दर्ज किया।
पुलिस के अनुसार 11 सितंबर को उपनिरीक्षक रामगोपाल त्यागी ने हमराह पुलिसकर्मी के साथ कार्रवाई करते हुए अजीत राजभर को देवरिया मोड़ से करीब 11 बजे गिरफ्तार किया।
पुलिस ने बताया कि दोनों आरोपियों को नियमानुसार न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया। मामलों में लगाए गए आरोपों पर अंतिम निर्णय न्यायालय द्वारा किया जाएगा।