बिलरियागंज पुलिस ने गौरी नहर पुलिया के पास से पकड़ा, चोरी की बाइक के कई पार्ट्स और औजार बरामद
आजमगढ़। बिलरियागंज थाना पुलिस ने मोटरसाइकिल चोरी कर उसके पार्ट्स अलग-अलग कर बेचने के आरोप में दो युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, दोनों के कब्जे से चोरी की मोटरसाइकिल के विभिन्न पार्ट्स, खोलने के उपकरण और 400 रुपये नकद बरामद हुए हैं।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आजमगढ़ डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में अपराध एवं अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बिलरियागंज पुलिस क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने गौरी नहर पुलिया, ग्राम गुलवा गौरी के पास दबिश देकर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपियों ने मोटरसाइकिल चोरी कर उसके पार्ट्स अलग-अलग करके बेचने की बात बताई। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राजू यादव उर्फ भोला यादव (22) पुत्र दिनेश यादव, निवासी तुर्कपडरी, थाना बिलरियागंज और आकाश यादव (19) पुत्र मिट्ठू यादव, निवासी नकीब खोजौली, थाना रौनापार के रूप में हुई है।
ये सामान हुआ बरामद
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से रिम सहित मोटरसाइकिल का पहिया-टायर, चेन-स्पॉकेट व चेन, एक जोड़ी शॉकर, चेन कवर, मैट्रिक्स बैट्री, मोटरसाइकिल के पिछले हिस्से का प्लास्टिक फ्रेम, दो ब्रैकेट, 400 रुपये नकद बरामद किए। इसके अलावा बाइक खोलने में इस्तेमाल होने वाले चार रिंच, प्लग रिंच, तीन पेचकस और लोहे की छेनी भी बरामद हुई है।
पुलिस ने इस मामले में मु0अ0सं0 238/2026, धारा 313/317(2) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपियों का पूर्व में भी विभिन्न मामलों में आपराधिक इतिहास रहा है। मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक अक्षयदीप सिंह, उपनिरीक्षक संतोष पाठक, हेड कांस्टेबल गांधी यादव, हेड कांस्टेबल दीपक कुमार, कांस्टेबल राकेश कुमार वर्मा, हेड कांस्टेबल जाविर एकबाल, कांस्टेबल रामबाबू यादव और कांस्टेबल सुमित राव शामिल रहे।