Breaking News

आजमगढ़ में चोरी के दो मामलों का खुलासा, पांच आरोपी गिरफ्तार; पंपिंग सेट, मोबाइल और बाइक बरामद


आज़मगढ़।

रिपोर्ट: वीर सिंह

आजमगढ़। जिले में चोरी की घटनाओं के खिलाफ चल रही कार्रवाई के तहत रौनापार और तरवां थाना पुलिस ने अलग-अलग मामलों में पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से पंपिंग सेट मोटर, एंड्रॉयड मोबाइल फोन और चोरी की मोटरसाइकिल बरामद करने का दावा किया है। बरामदगी के आधार पर संबंधित मुकदमों में धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोतरी की गई है।

रौनापार में तीन गिरफ्तार

पुलिस के अनुसार, 15 सितंबर को रौनापार थाना क्षेत्र के आराजी देवारा नैनीजोर (कोलवा) में पोखरे पर कृषि कार्य के लिए लगा पंपिंग सेट मोटर चोरी हो गया था। रविंद्र सरोज की तहरीर पर रौनापार थाने में मु.अ.सं. 263/2026, धारा 303(2) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। विवेचना के दौरान अफसर खां, सलाउद्दीन और मोनू सिंह के नाम सामने आए।

16 सितंबर को उपनिरीक्षक सिद्धेश्वर सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तीनों को हरदिहवा पकड़ीहवा चौराहा से करीब 1:45 बजे गिरफ्तार किया। पुलिस के मुताबिक, इनके पास से एक एंड्रॉयड मोबाइल, एक मोटरसाइकिल और एक पंपिंग सेट मोटर बरामद हुआ।

तरवां में चोरी की बाइक बरामद

इसी तरह तरवां बाजार से 15 सितंबर को आशुतोष गुप्ता की मोटरसाइकिल संख्या UP50DF9346 चोरी हो गई थी। उनकी तहरीर पर तरवां थाने में मु.अ.सं. 188/2026, धारा 303(2) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था।

पुलिस के अनुसार, उपनिरीक्षक सूरज तिवारी की टीम ने 16 सितंबर को पकड़ी मोड़ के पास पुलिया से कमलेश राजभर और राहुल राम को करीब 11:10 बजे गिरफ्तार किया। उनके कब्जे से चोरी की स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल बरामद की गई। पुलिस ने बताया कि बरामदगी के आधार पर मुकदमे में धारा 317(2) और 3(5) बीएनएस के तहत आवश्यक कार्रवाई की गई।

गिरफ्तार आरोपियों में रौनापार थाना क्षेत्र के अफसर खां (22), सलाउद्दीन (35) और मोनू सिंह (19) तथा तरवां थाना क्षेत्र के कमलेश राजभर (करीब 35) और राहुल राम (करीब 32) शामिल हैं।

पुलिस के मुताबिक, दोनों मामलों में गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जा रही है।

और नया पुराने