जीयनपुर, आजमगढ़। लोक आस्था के महापर्व डाला छठ के अवसर पर सगड़ी तहसील क्षेत्र में श्रद्धा और उत्साह का माहौल है। इसी क्रम में जीयनपुर नगर पंचायत स्थित कोइरिया पोखरे पर स्थापित छठी मैया की मूर्ति का उद्घाटन एसडीएम सगड़ी संजीव कुमार राय एवं पूर्व विधायक वंदना सिंह ने संयुक्त रूप से किया।
इस अवसर पर एसडीएम संजीव कुमार राय ने कहा कि छठ महापर्व आस्था और विश्वास का प्रतीक है। माताएं एवं बहनें पूरी श्रद्धा और निष्ठा के साथ इस पर्व को मनाती हैं। उन्होंने पर्व की शुभकामनाएं भी दीं।
पूर्व विधायक वंदना सिंह ने कहा कि छठ लोक आस्था का महापर्व है, जिसकी शुरुआत नहाय-खाय से होती है। चार दिनों तक चलने वाले इस पर्व में व्रती महिलाएं भगवान सूर्य और छठी मैया की उपासना करती हैं। पूजा में डाला एवं डलिया का विशेष महत्व होता है, जिसमें विभिन्न पूजन सामग्री रखकर छठी मैया को अर्पित की जाती है।
वहीं, सतीश सोनकर ने बताया कि जीयनपुर नगर पंचायत में वर्षों से छठ पर्व मनाने की परंपरा चली आ रही है। क्षेत्र की माताएं एवं बहनें पूरी श्रद्धा के साथ पोखरे पर पहुंचकर अस्ताचलगामी एवं उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देती हैं और परिवार की सुख-समृद्धि की कामना करती हैं।
मुन्ना वैद्य ने कहा कि छठ सूर्य उपासना का महापर्व है, जो हमें प्रकृति के प्रति श्रद्धा और आस्था का संदेश देता है।
इस दौरान दीपक गुप्ता, रिंकू श्रीवास्तव, पिंटू चौरसिया, खातिरपुर प्रधान शिवकुमार यादव, दिनेश कुमार मोदनवाल, शुभम यादव, सुरेश कुमार चौरसिया सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे।