Breaking News

किशोरी को बहला-फुसलाकर पंजाब ले जाने के मामले में वांछित आरोपी गिरफ्तार


आज़मगढ़।

रिपोर्ट: वीर सिंह

बिलरियागंज पुलिस ने भीमबर नहर पुलिया के पास से दबोचा, पीड़िता को पूर्व में सकुशल बरामद कर परिजनों को सौंप चुकी है पुलिस

आजमगढ़। किशोरी को बहला-फुसलाकर पंजाब ले जाने के मामले में वांछित चल रहे आरोपी को थाना बिलरियागंज पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी को भीमबर नहर पुलिया से बीबीपुर जाने वाले मार्ग पर करीब 200 मीटर की दूरी से गिरफ्तार किया। आरोपी पंजाब में रह रहा था और मुकदमे में नामजद होने के बाद से वांछित चल रहा था।

पुलिस के अनुसार, 18 जुलाई 2026 को प्राप्त प्रार्थना पत्र के आधार पर थाना बिलरियागंज में मुकदमा अपराध संख्या 194/2026, धारा 87, 137(2), 65(1) बीएनएस एवं धारा 5L/6 पॉक्सो एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। मामले की विवेचना के दौरान पुलिस ने पीड़िता को 20 सितंबर 2026 को सकुशल बरामद कर उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया था।

सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी कर पकड़ा

पुलिस के मुताबिक, 5 अक्टूबर 2026 को उपनिरीक्षक इसरार अहमद पुलिस टीम के साथ क्षेत्र में वांछित आरोपियों की तलाश और संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान मिली सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने भीमबर नहर पुलिया से बीबीपुर जाने वाले मार्ग पर करीब 200 मीटर की दूरी पर एक व्यक्ति को रोककर पूछताछ की।

पूछताछ में उसने अपना नाम विशाल कुमार (27) पुत्र महेश राजभर उर्फ महेन्द्र सिंह, निवासी महडौड का पुरा, थाना रौनापार, आजमगढ़, हाल पता खैराबाद, रोपड़, थाना चमकौर साहिब, जनपद रूपनगर, पंजाब बताया।

पुलिस ने मुकदमे में नामजद एवं वांछित होने की पुष्टि के बाद विशाल कुमार को सुबह करीब 11:45 बजे गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।

गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम में थानाध्यक्ष अतुल कुमार मिश्रा, उपनिरीक्षक इसरार अहमद, कांस्टेबल छट्ठु साहनी और रिजर्व कांस्टेबल ओमकार सिंह शामिल रहे।

और नया पुराने