गम्भीरपुर पुलिस ने छाऊ गांव स्थित घर से दबोचा, न्यायालय में पेश करने की तैयारी
आजमगढ़। थाना गम्भीरपुर क्षेत्र के छाऊ गांव में पुरानी रंजिश को लेकर युवक के साथ मारपीट और जान से मारने का प्रयास करने के मामले में पुलिस ने वांछित आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी को उसके घर से गिरफ्तार किया है। उसके खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज है।
पुलिस के अनुसार, 4 अक्टूबर 2026 को पीड़िता ने थाना गम्भीरपुर में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि पुरानी रंजिश को लेकर गांव के किशन पुत्र सुभाष ने उसके पुत्र के साथ लाठी-डंडे से मारपीट की और जान से मारने का प्रयास किया। बीच-बचाव करने पहुंची महिला के साथ भी मारपीट, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया गया।
तहरीर के आधार पर थाना गम्भीरपुर में मु0अ0सं0 239/2026, धारा 109(1), 115(2), 352 और 351(3) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने विवेचना शुरू की।
घर से किया गिरफ्तार
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आजमगढ़ डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में वांछित एवं वारंटी आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू की।
5 अक्टूबर 2026 को उपनिरीक्षक अभिषेक सिंह पुलिस टीम के साथ क्षेत्र में मौजूद थे। इसी दौरान मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने छाऊ गांव स्थित आरोपी के घर पर दबिश दी। पुलिस ने किशन पुत्र सुभाष को दोपहर करीब 1:10 बजे गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी को आवश्यक विधिक कार्रवाई के बाद न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जा रहा है।
गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक अभिषेक सिंह, कांस्टेबल धीरज सिंह और कांस्टेबल योगेन्द्र बहादुर शामिल रहे।