आजमगढ़।
सगड़ी।
कवरेज डेस्क: जीयनपुर थाना क्षेत्र के रजादेपुर मोड़ के पास सुबह तेज रफ्तार एर्टिगा कार, सड़क किनारे खड़े ट्रक में घुस गयी, जिसके कारण चार नेपाली नागरिकों की दर्दनाक मौत हो गयी और दो महिला समेत तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए । घायलों का जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है। यह लोग काठमांडू से चलकर सड़क मार्ग से वाराणसी जा रहे थे। नेपाल के काठमांडू के चाबिल थाना गौशाला पशुपतिनाथ निवासी नवीन श्रेष्ठ अपने माता-पिता, पत्नी और परिवार के अन्य सदस्यों के साथ कल रात काठमांडू से गोरखपुर आए। वहां से यह लोग एक ट्रेवल एजेंसी की बिना नंबर की नई कार से वाराणसी के लिए जा रहे थे। जीयनपुर से पहले रजादेपुर मोड़ के पास तेज रफ्तार कार ड्राइवर झपकी आ जाने के कारण सड़क के किनारे पहले से खड़े ट्रक में पीछे से घुस गई।
इस दुर्घटना में कार में सवार नवीन श्रेष्ठ, उनके पिता, पत्नी व नीरज पु की मौके पर ही मौत हो गई। स्थानीय लोगों की सूचना पर मौके पर पंहुचे जीयनपुर कोतवाल ने तत्काल एंबुलेंस से 03 गंभीर घायलों शकुंतला(60 ) , राम कुमारी(57) और ड्राइवर विजय(27) को आजमगढ़ जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनका उपचार चल रहा है। मृत नवीन श्रेष्ठ के पास मिले कागजातों के आधार पर नेपाल में उनके परिवार वालों को सूचित किया गया ।
रिपोर्ट: वीर सिंह