Breaking News

भदोही में एक ही परिवार में माता-पिता और पुत्री मिले कोरोना पॉजिटिव, संक्रमितों की संख्या पहुंची तीस।

भदोही।

भदोही जिले में कोरोना संक्रमण के तीन और मामले सामने आए हैं। एक ही परिवार में माता, पिता और उनकी 16 साल की बेटी कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं।अमवा भवानीपुर निवासी यह परिवार गत दिनों मुंबई से गांव आया था। 23 मई को उनका स्वैब जांच के लिए भेजा गया था। मंगलवार को जांच रिपोर्ट आई तो तीनों पॉजिटिव निकले। तीनों को मिर्जापुर मंडलीय क्वारंटीन सेंटर भेज दिया गया है।
सीएमओ डॉ. लक्ष्मी सिंह के मुताबिक अमवा भवानीपुर गांव निवासी 45 वर्षीय पति, 40 वर्षीय पत्नी और 16 साल की उनकी बेटी मुंबई में रहते थे। लॉकडाउन शुरू होने के बाद गत 23 मई को तीनों मुंबई से गांव आए थे। उसी दिन तीनों अस्पताल गए तो कोरोना के लक्षण देखते हुए चिकित्सकों ने उनके स्वैब को जांच के लिए भेजा। साथ ही उन्हें होम क्वारंटीन कर दिया गया।
मंगलवार को जांच रिपोर्ट आई तो तीनों पॉजिटिव निकले। इसके बाद जिला प्रशासन और स्वास्थ्य महकमे के सामने नई चुनौती आ गई। इन नए मरीजों के बाद जिले में अब तक कोरोना संक्रमित होने वाले मरीजों की तादाद 30 पहुंच गई है। इनमें तीन की रिपोर्ट मौत के बाद पॉजिटिव आई है और तीन लोग स्वस्थ हो चुके हैं। जबकि 24 मरीज सक्रिय हैं। खास बात यह है कि इनमें से दो मरीज लोकल रहे। अन्य सभी प्रवासी हैं। जिलाधिकारी राजेंद्र प्रसाद ने कहा कि उक्त गांव में तीन लोगों के पॉजिटिव आने के कारण चिकित्सकीय सतर्कता बढ़ाई गई है। गांव में बैरिकेडिंग के लिए टीम भेजी जा रही है।
 
रिपोर्ट-अरविन्द श्रीवास्तव

       
और नया पुराने