लौह पुरुष सरदार पटेल की जयंती पर विशाल जनसभा


आज़मगढ़।

रिपोर्ट: वीर सिंह

सत्ता पर बरसे वक्ता, बोले "सरदार की भावना से हो रहा खिलवाड़"

आजमगढ़। लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के अवसर पर रविवार को इटैली में जनहित विशाल जनसभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत मुख्य अतिथि सगड़ी विधायक डॉ. एच.एन. सिंह पटेल ने तिरंगा फहराकर और सरदार पटेल की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर की। इस मौके पर देश की एकता और अखंडता के प्रतीक लौह पुरुष को श्रद्धांजलि देते हुए सरदार पटेल के विचारों को आत्मसात करने का आह्वान किया गया।
जनसभा के संयोजक जितेंद्र सिंह पटेल ने स्वागत भाषण देते हुए सरदार पटेल के योगदान पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि आज जब देश अनेक चुनौतियों के दौर से गुजर रहा है, तब सरदार पटेल की नीति, दृढ़ता और राष्ट्रनिष्ठा पहले से कहीं अधिक प्रासंगिक हैं।
कार्यक्रम की अध्यक्षता अभिमन्यु सिंह पटेल ने की, संचालन सत्य प्रकाश सिंह ने किया। जनसभा को जयराम सिंह पटेल, नागेंद्र सिंह पटेल, सुरेश सिंह पटेल और राम दरस सिंह पटेल ने भी संबोधित किया।
वक्ताओं ने अपने संबोधन में सरकार पर कटाक्ष करते हुए कहा कि सत्ता आज भी सरदार पटेल की मूल भावना के साथ खिलवाड़ कर रही है। एक ओर उनके नाम से बने स्टेडियम का नाम बदला जा रहा है, वहीं दूसरी ओर पटेल जयंती को कई दिनों तक मनाने का सरकारी आदेश जारी किया जा रहा है। यह विरोधाभास इस बात का प्रमाण है कि सत्ता ने सरदार पटेल को केवल प्रतीक के रूप में उपयोग किया, उनके विचारों और सिद्धांतों को नहीं अपनाया।
सभा स्थल पर बड़ी संख्या में क्षेत्रीय जनता, सामाजिक कार्यकर्ता और युवाओं की मौजूदगी रही। पूरे कार्यक्रम में देशभक्ति के नारों और सरदार पटेल अमर रहें की गूंज से वातावरण गूंज उठा।
अंत में सभी उपस्थित लोगों ने सरदार पटेल के आदर्शों पर चलने और देश की एकता, अखंडता तथा भाईचारे को बनाए रखने का संकल्प लिया।

और नया पुराने