बदायूं।
बदायूं: कछला चिकित्साधीक्षक को चौराहे पर साइकिल सवार और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के चिकित्साधीक्षक की कार की भिडंत पर हंगामा हो गया। कहासुनी के बाद साइकिल सवार युवक चिकित्साधीक्षक पर एकदम टूट पड़ा।आरोप है कि उसने चिकित्साधीक्षक के साथ हाथापाई की और ईंट मार कर भाग गया था। इससे चिकित्साधीक्षक घायल हो गए। पुलिस ने आरोपी युवक को हिरासत में ले लिया है। यह मामला बरेली मथुरा हाईवे पर बने कछला चौराहे का है। कछला प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर तैनात चिकित्साधीक्षक डॉ महेश प्रताप सिंह ने बताया कि वह निजी कार से उझानी से अस्पताल जाने के लिए निकले। चौराहे पर विपरीत दिशा में साइकिल सवार आ गया। वह साइकिल लेकर कार की पिछली खिड़की की साइड में गिर पड़ा। आरोप है कि साइकिल ढंग से चलाने की सलाह देने पर उसने हंगामा कर दिया। उसने चिकित्साधीक्षक को घेर लिया। चश्मदीद लोगों की मानें तो चिकित्साधीक्षक और साइकिल सवार से जमकर कहासुनी हुई। इसके बाद उसने चिकित्साधीक्षक की तरफ़ ईंट फेंक दी जो उनकी आंख के पास लगी। इसके बाद साइकिल सवार युवक मौके पाकर भाग गया। चिकित्साधीक्षक ने कछला चौकी पर पहुंचकर पुलिस को पूरे घटनाक्रम से अवगत कराया। जानमाल को खतरा बताते हुए उन्होंने विभागीय अधिकारियों से भी फोन कर बताया। इसके बाद पुलिस ने आरोपी युवक को हिरासत में ले लिया है। वहीं चौकी इंचार्ज ललित शर्मा ने बताया कि चश्मदीद लोगों से बात कर हकीकत का पता लगाया जा रहा है। इसके बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।
रिपोर्ट: यीशु दास
