आज़मगढ़।
रिपोर्ट: वीर सिंह
आजमगढ़ 03 जून-- जिला मजिस्ट्रेट/जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायन एवं नगरीय निकाय) राजेश कुमार ने बताया कि त्रिस्तरीय पंचायत सामान्य निर्वाचन -2021 के दौरान कतिपय पदों पर कोई नाम निर्देशन पत्र प्राप्त न होने तथा निर्वाचन सम्पन्न होने के पश्चात् विजयी उम्मीदवार के निधन या अन्य कारण से रिक्त रह गये पदों/स्थानों पर निर्वाचन सम्पन्न कराये जाने हेतु कार्यक्रम जारी किया गया है।
उक्त के क्रम में जिला मजिस्ट्रेट/जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत एवं नगरीय निकाय) द्वारा जनपद के रिक्त सदस्य ग्राम पंचायत, प्रधान ग्राम पंचायत एव सदस्य क्षेत्र पंचायत के स्थानों/पदों का निर्वाचन, जो मा0 न्यायालय के स्थगनादेश से बाधित न हो, को छोड़कर दिनांक 06 जून 2021 (पूर्वान्ह 8ः00 बजे से अपरान्ह 5ः00 बजे तक) को नामांकन का दिनांक, 06 जून 2021 (अपरान्ह 5ः00 बजे से कार्य की समाप्ति तक) को नामांकन पत्रों की संवीक्षा, 07 जून 2021 (अपरान्ह 3ः00 बजे से कार्य की समाप्ति तक) को प्रतीक आवंटन, 12 जून 2021 (पूर्वान्ह 7ः00 बजे से अपरान्ह 6ः00 बजे तक) को मतदान तथा दिनांक 14 जून 2021 (पूर्वान्ह 8ः00 बजे से कार्य की समाप्ति तक) को मतगणना कराये जाने हेतु निर्देश दिया गया है।
जिला मजिस्ट्रेट/जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत एवं नगरीय निकाय) ने बताया कि विकास खण्ड पल्हनी के लिए सुनील कुमार, विकास खण्ड हरैया के लिए अजय कुमार सिंह अपर मुख्य अधिकारी, विकास खण्ड ठेकमा के लिए डॉ0 उमेश कुमार गुप्ता, जिला कृषि अधिकारी तथा विकास खण्ड पल्हना के लिए जिला प्रोबेशन अधिकारी बीएल यादव को निर्वाचन अधिकारी नामित किया गया है।
उन्होने कहा कि कहा कि ग्राम पंचायतों के प्रधानों, सदस्यों एवं क्षेत्र पंचायत के सदस्यों के स्थानों/पदों पर निर्वाचन हेतु प्रादेशिक निर्वाचन क्षेत्रों का पूर्ण विवरण देते हुए निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) द्वारा दिनांक 03 जून 2021 को सूचना निर्गत की जायेगी। निर्वाचन अधिकारी द्वारा इस निर्वाचन कार्यक्रम को प्रमुख स्थानीय समाचार पत्रों में प्रकाशित कराते हुए व्यापक प्रचार कराया जायेगा और गाँवों में मुनादीद्वारा सर्वसाधारण को इसकी सूचना दी जायेगी। सार्वजनिक जानकारी हेतु ग्राम पंचायत, क्षेत्र पंचायत, जिला पंचायत, तहसील कार्यालय और जिला मजिस्ट्रेट कार्यालय के सूचना पट्ट पर यह कार्यक्रम प्रदर्शित किया जाएगा। उक्त निर्वाचन उत्तर प्रदेश पंचायत राज (सदस्यों, प्रधानों और उप प्रधानों का निर्वाचन), नियमावली-1994 एवं उत्तर प्रदेश क्षेत्र पंचायत तथा जिला पंचायत (सदस्यों का निर्वाचन) नियमावाली-1994 के अनुसार सम्पन्न होगा। निर्वाचन अधिकारी की सूचना निर्गत किये जाने के दिनांक अर्थात् दिनाक 03 जून 2021 से नामांकन पत्रों का विक्रय किया जाएगा। उपर्युक्त निर्वाचन में प्रधान ग्राम पंचायत सदस्य ग्राम पंचायत एवं सदस्य क्षेत्र पंचायत के नामांकन पत्रों का विक्रय नामांकन पत्रों के दाखिल करने, उनकी संवीक्षा करने, उम्मीदवारी वापस लेने तथा चुनाव चिन्ह आवंटन का कार्य सम्बन्धित विकास खण्ड मुख्यालय पर होगा तथा मतों की गणना एवं परिणाम की घोषणा सम्बन्धित विकास खण्ड के अन्तर्गत निर्धारित मतगणना स्थल पर की जाएगी। उपर्युक्त समय सारिणी के मध्य पड़ने वाले सार्वजनिक अवकाश दिवसों पर भी सम्बन्धित कार्यालय खुले रहेंगे और निर्धारित समय सारिणी के अनुसार कार्यवाही की जाएगी।