आज़मगढ़।
रिपोर्ट: वीर सिंह
सोमवार को भी तहसील में प्रदर्शन कर जमकर हुई नारेबाजी।
आजमगढ़: मंगलवार को अधिवक्ता प्रतीश यादव और लेखपाल अमित सिंह के बीच हुई हाथापाई को लेकर सोमवार को भी कर्मचारी संयुक्त संघ सगड़ी के कर्मचारियों ने तहसील परिसर में प्रदर्शन किया और दोषी अधिवक्ता को गिरफ्तार करने की मांग की। प्रदर्शन के बाद कर्मचारी तहसील परिसर में धरने पर बैठ गए। गुरुवार से चालू कर्मचारियों का धरना सोमवार को पांचवें दिन भी जारी रहा।
धरने को संबोधित करते हुए लेखपाल संघ के अध्यक्ष उत्तम सिंह ने कहा कि लगभग एक सप्ताह के बाद भी हमारी एफ आई आर दर्ज नहीं हुई है ना ही अधिवक्ता की गिरफ्तारी हुई है। यदि शीघ्र अधिवक्ता की गिरफ्तारी नहीं हुई तो हमारा आंदोलन और तेज होगा।
लेखपाल संघ के वरिष्ठ सदस्य निजामुद्दीन ने कहा कि अधिवक्ता प्रतीश यादव द्वारा जो व्यवहार किया गया वह कतई न्याय संगत नहीं था। इसके लिए अधिवक्ता समाज को खुद मूल्यांकन करना चाहिए और दोषी अधिवक्ता का बहिष्कार करना चाहिए। हमारी लड़ाई कर्मचारी सम्मान की है जो आगे भी जारी रहेगी।
लेखपाल संघ के मंत्री अरुण कुमार गुप्ता ने कहा कि मंगलवार को अधिवक्ता ने हमारे सम्मान को ठेस पहुंचाई है। हम पूरी ताकत के साथ अधिवक्ता समाज का काम करते हैं लेकिन जिस तरह से यह समाज हमें अपमानित कर रहा है वह कतई बर्दाश्त नहीं होगा। अब हम अधिवक्ता का कोई काम नहीं करेंगे।जो न्याय संगत प्रक्रिया होगी उस को अपनाने के बाद ही काम होगा। अमीन संघ के जनार्दन सिंह ने कहा कि अधिवक्ताओं से सरकारी कर्मचारियों का सदा ही समन्वय रहा है लेकिन किसी के साथ मारपीट करना उचित नहीं है। इसका हम पुरजोर विरोध करेंगे।
प्रदर्शन और धरना सभा में उत्तर प्रदेश लेखपाल संघ उपशाखा सगड़ी, उत्तर प्रदेश मिनिस्टीरियल कर्मचारी संघ शाखा सगड़ी, उत्तर प्रदेश अमीन संघ शाखा सगड़ी एवं तहसील के समस्त कार्यालय एवं न्यायालय के कर्मचारियों कर्मचारियों की उपस्थिति रही। प्रदर्शन में राजकुमार सिंह, राम सागर सोनी, दीपक यादव, हरिकेश यादव, आशा,आकांक्षा यादव, अनीता चौहान, महेश यादव, संतोष सिंह, इंदू सिंह, अमित सिंह, आशुतोष झा, जनार्दन सिंह, नंदकिशोर, उदय प्रताप, मुन्ना राम सहित सैकड़ों कर्मचारी शामिल रहे।