आज़मगढ़।
रिपोर्ट: वीर सिंह
आजमगढ़ 24 मार्च-- जिलाधिकारी अमृत त्रिपाठी ने बताया कि माध्यमिक शिक्षा परिषद, उ0प्र0 प्रयागराज द्वारा संचालित इण्टरमीडिएट एवं हाईस्कूल की बोर्ड परीक्षाएं दिनांक 24 मार्च 2022 प्रारम्भ होकर दिनांक 12 अप्रैल 2022 को समाप्त होगी। प्रदेश सरकार बोर्ड परीक्षा में अनुचित साधनों (नकल) के प्रयोग की प्रवृत्ति/सम्भावनाओं पर अंकुश लगाने, परीक्षा की शुचिता, पवित्रता, गुणवत्ता एवं विश्वसनीयता बनाए रखने हेतु कटिबद्ध है। जिलाधिकारी ने कहा कि नकल विहीन परीक्षाएं सुनिश्चित कराए जाने के उद्देश्य से शासन द्वारा सम्यक विचारोपरान्त यह निर्णय लिया गया कि स्टेटिक मजिस्ट्रेट/ केन्द्र व्यवस्थापक को छोड़कर परीक्षा केन्द्र में कार्यरत समस्त कक्ष निरीक्षकों एवं परीक्षा कार्यों में संलग्न अन्य कार्मिकों तथा निरीक्षणकर्ता अधिकारियों के मोबाईल फोन को परीक्षा केन्द्र के अन्दर ले जाने की अनुमति नही है। उन्होने कहा कि प्रत्येक परीक्षा केन्द्र पर मुख्य प्रवेश द्वार के निकट मोबाईल फोन रखने की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाय। उन्होने कहा कि इस हेतु परीक्षा केन्द्र के प्रवेश द्वार के निकट ही एक बन्द डिब्बा रखा जाना चाहिए तथा यह व्यवस्था बना दी जाये कि मोबाइल फोन उसी में जमा हो जायें। इस व्यवस्था के अन्तर्गत सभी मोबाइल फोन पर कागज की पर्ची पर क्रमांक अंकित कर रबरबैंड से बांधा जा सकता एवं क्रमांक की दूसरी प्रति संबंधित अधिकारी, कक्ष निरीक्षक एवं कार्मिक को दे दी जाये। निरीक्षण/परीक्षा समाप्ति के पश्चात् पर्ची से मिलान करते हुए संबंधित का मोबाईल उसे वापस किया जाय। उन्होने कहा कि मोबाईल फोन के सुरक्षित रख-रखाव तथा उसे वापस देने हेतु केन्द्र व्यवस्थापक द्वारा किसी कार्मिक को नामित किया जाये।
जिलाधिकारी ने कहा कि उक्त अनुमन्य व्यक्तियों के अलावा कोई अन्य व्यक्ति अगर मोबाइल के साथ पाया जायेगा तो उसके विरूद्ध धारा 144 के तहत अभियोग पंजिकृत कर कार्यवाही की जायेगी।