Breaking News

30 जून तक चलेगा “पानी नहीं सिर्फ स्तनपान” अभियान

आज़मगढ़।

रिपोर्ट: वीर सिंह

आजमगढ़, 19 मई 2022 : जिले में 10 मई से शुरू हुआ छ: माह तक के शिशुओं को केवल स्तनपान अभियान आगामी 30 जून तक चलाया जाएगा।  इस अभियान का मुख्य उद्देश्य छ: माह तक के शिशु को पानी नहीं, केवल स्तनपान के प्रति धात्री माताओं को जागरूक करना है। शिशु को छः माह तक सिर्फ स्तनपान कराने से उनका मानसिक और शारीरिक विकास होता है, और बच्चों की कई आम बीमारियों का खतरा कम हो जाता है, और बच्चे की रोग प्रतिरोधक क्षमता भी बढ़ जाती है। यह कहना है जिला कार्यक्रम अधिकारी मनोज कुमार मौर्या का। 
डीपीओ ने बताया कि इसके लिए बाल विकास सेवा एवं पुष्टाहार विभाग ने छ: माह तक के शिशुओं को केवल स्तनपान सुनिश्चित कराने के लिए अभियान की शुरूआत की गई है। इस क्रम में जिले में कुल 54932 धात्री माताएं तथा कुल 5681 नवजात शिशुओं को चिन्हित किया गया है।  
उन्होने बताया कि माँ का दूध शिशु के लिए अमृत समान है।  जन्म के एक घंटे के अंदर शिशु को स्तनपान शुरू कर दिया जाता है| छह माह की आयु तक बच्चे को सिर्फ और सिर्फ स्तनपान ही कराया जाता है। माँ का दूध बच्चे के लिए संपूर्ण आहार है, नवजात शिशु के लिए जरूरी सभी संपूर्ण पोषक तत्व माँ के दूध  में पाये जाते हैं। जिससे बढ़ते बच्चों में (मेटाबोलिज्म) जैसे - वजन, शारीरिक गतिविधि और स्वास्थ्य समस्याओं सहित विभिन्न कारकों की जरूरतें पूरी होती हैं। 
उन्होंने कहा कि माँ और परिवार को गर्मियों में लगता है कि शिशु का मुँह सूख रहा होगा और वयस्कों की तरह उसे भी पानी की आवश्यकता होगी। यह समझ कर बच्चे को पानी, देना शुरू कर देते हैं, जो शिशु के स्वस्थ जीवन के लिए घातक सिद्ध होता है।
स्तनपान को बढ़ावा देने के लिए जिले के कुल 5588 आंगनबाड़ी कार्यकर्ता गृह भ्रमण कर 30 जून तक अभियान के माध्यम से धात्री माताओं को जागरूक कर रही हैं।

और नया पुराने