आज़मगढ़।
रिपोर्ट: वीर सिंह
18 नवम्बर तक होगा स्वास्थ्य शिविर का आयोजन।
• एचआईवी/एड्स एवं यौन संचारित रोगों का होगा परामर्श,परीक्षण एवं उपचार
• गर्भवती महिलाओं की भी होगी प्रसव पूर्व जाँच
• पाथ संस्था के सहयोग से आयोजित किये जायेंगे शिविर
आजमगढ़, 3 नवम्बर 2022 : एचआईवी/एड्स रोकथाम के लिए स्वास्थ्य विभाग की ओर से विविध प्रयास किए जा रहे हैं। इसी क्रम में अन्य राज्यों में जाने वाले प्रवासियों को इस संक्रमण से बचाने के लिए जिले के कई गांवों में 2 नवम्बर से 18 नवम्बर तक शिविर लगाए जा रहे हैं।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ आईएन तिवारी ने बताया कि बुधवार को लक्षित हस्तक्षेप परियोजना (टीआई) के अंतर्गत मेंहनगर ब्लाक अंतर्गत मुस्तफाबाद गांव में आयोजित स्वास्थ्य शिविर में 111 ओपीडी हुई थी। इसमें 33 पुरुषों तथा 69 महिलाओं, पांच बालक तथा सात बालिकाओं सहित कुल 111 लाभार्थियों की एचआईवी जांच भी की गई थी। 24 पुरुषों तथा 47 महिलाओं की काउंसलिंग, 25 लाभार्थियों के प्रजनन स्वास्थ्य की जांच तथा पांच प्रवासियों की भी जांच की गयी। यह शिविर पाथ संस्था के सहयोग से आयोजित किए गए। उन्होंने बताया कि आगामी के शिविरों के लिए पांचों ब्लाकों के अधिकारियों को जांच और दवा के लिए निर्देशित कर दिया गया है।
कार्यक्रम के नोडल अधिकारी एवं डीटीओ डॉ परवेज़ अख्तर ने बताया कि प्रदेश से बाहर अन्य राज्यों में जाने वाले प्रवासियों में एचआईवी/एड्स की रोकथाम के लिए स्वास्थ्य शिविर की संख्या के अनुरूप ग्रामों का चयन कर स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन शुरू कर दिया गया है। कार्यक्रम के तहत पांच ब्लाकों क्रमशः मेंहनगर, रानी सराय, बिलरियागंज, जीयनपुर/अजमतगढ़ तथा कोयलसा के 10 गावों क्रमशः मुस्तफाबाद, देवैत, बढ़या, खाजेपुर, सियरहा, बिन्दवल, छपरा सुल्तानपुर, सुखंद नगर, भरौली तथा ईश्वरपुर पैनी में आने वाले सभी प्रवासी परिवारों के व्यक्तियों की स्वास्थ्य शिविर में एचआईवी की जाँच की जाएगी। तथा सभी परिवारों को इस स्वास्थ्य शिविर में शामिल होने के लिए प्रचार-प्रसार कर जागरूक भी किया जायेगा, परन्तु फोकस ऐसे परिवारों पर होगा जिनका कोई भी सदस्य प्रवासी हो अर्थात प्रदेश से बाहर कार्य करता हो।
पाथ संस्था के परियोजना प्रबंधक राकेश कुमार चतुर्वेदी ने बताया कि पांच ब्लाकों के 10 गावों में सामान्य स्वास्थ्य जाँच एवं दवा वितरण एचआईवी/एड्स एवं यौन संचारित रोगों का परामर्श, परीक्षण एवं उपचार तथा गर्भवती महिलाओं की प्रसव पूर्व जाँच 18 नवम्बर तक किये जायेंगे। तथा बुधवार को जागरूकता के लिए आईईसी अनुभाग उ०प्र० राज्य एड्स नियंत्रण सोसाइटी के सहयोग से प्रचार-प्रसार के अंतर्गत लोक कलादल ने नौटंकी का कार्यक्रम भी प्रस्तुत किया। शिविर में ओआरडबल्यू एवं एलटी आशीष गुप्ता, ओआरडबल्यू नीतीश, ओआरडबल्यू नीलू उपाध्याय तथा काउंसलर प्रतिभा श्रीवास्तव का सराहनीय योगदान रहा।