आज़मगढ़।
रिपोर्ट: वीर सिंह
बागखलीस में नाला निर्माण और सगड़ी कब्रिस्तान की बाउंड्री का एमएलसी गुड्डू जमाली ने किया उद्घाटन
आज़मगढ़: समाजवादी पार्टी के नेता एवं विधान परिषद सदस्य शाह आलम उर्फ़ गुड्डू जमाली ने विधानसभा सगड़ी व गोपालपुर क्षेत्र की जनता को 78.66 लाख रुपये की विकास सौगात दी। इस राशि से कुल 7 महत्वपूर्ण निर्माण कार्य पूरे किए गए, जिनका लोकार्पण उन्होंने शनिवार को किया।
सबसे पहले अजमतगढ़ ब्लॉक के सगड़ी बाज़ार स्थित कब्रिस्तान की चारदीवारी निर्माण का उद्घाटन किया गया। इस परियोजना के लिए गुड्डू जमाली ने अपनी विधायक विकास निधि से 10 लाख रुपये स्वीकृत किए थे। बाउंड्री बन जाने से स्थानीय लोगों की वर्षों पुरानी मांग पूरी हो गई।
इसी क्रम में बागखलीस बाज़ार में बरसात के दौरान जलभराव और गंदगी की समस्या को देखते हुए नाला निर्माण का शुभारंभ किया गया। इसके लिए 7.81 लाख रुपये की निधि दी गई। कार्य पूरा होने पर लोगों को बरसाती दिक़्क़तों से राहत मिलेगी और बाज़ार की स्थिति सुधरेगी।
कार्यक्रम के दौरान एमएलसी गुड्डू जमाली ने कहा—
"जनता की सुविधाओं और क्षेत्र के विकास के लिए मैं हरसंभव प्रयास करता रहूँगा। जनता की समस्याओं को अपनी जिम्मेदारी मानते हुए ही निधि का उपयोग किया जाता है और आगे भी विकास कार्यों का यह सिलसिला जारी रहेगा।"
पत्रकारों द्वारा विधायक पूजा पाल के सपा से निष्कासन पर पूछे गए सवाल पर जमाली ने कहा—
"जब राज्यसभा चुनाव में पार्टी को उनके वोट की ज़रूरत थी, तब उन्होंने धोखा दिया। पार्टी का फ़ैसला बिल्कुल सही है।"
इसी दौरान उन्होंने ओमप्रकाश राजभर और ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा पर भी निशाना साधा और कहा कि पूरे प्रदेश में बिजली व्यवस्था बदहाल है। जनता आने वाले चुनाव में इसका जवाब ज़रूर देगी।
सगड़ी में कार्यक्रम सम्पन्न होने के बाद एमएलसी जमाली ने सोनबुजुर्ग, चांदपट्टी और रसूलपुर में हुए विकास कार्यों का भी लोकार्पण किया।
इस मौके पर मतलूब आलम खान, अब्दुल्लाह अलाउद्दीन, सरफ़ुद्दीन प्रधान, परवेज़ खान, तारिक़ खान, सालिम खान, हारून खान, आरिज़ खान, मोबिन अहमद, सब्बू वकील, सादाब खान, आमिर खान, रेहान अहमद, अमज़द उर्फ़ सोनू समेत सैकड़ों लोग मौजूद रहे।