Breaking News

शराब की दुकान में चोरी का प्रयास विफल, मुठभेड़ में एक अभियुक्त घायल।


आज़मगढ़।

रिपोर्ट: वीर सिंह

थाना रौनापार क्षेत्र में शराब की दुकान में चोरी का प्रयास विफल, मुठभेड़ में एक अभियुक्त घायल, एक बाल अपचारी पकड़ा गया पुलिस ने बरामद किए असलहा और मोटरसाइकिल, अन्य चार अभियुक्त फरार

आजमगढ़। थाना रौनापार क्षेत्र के ग्राम महुला स्थित सरकारी देशी शराब की दुकान में चोरी का प्रयास करने वाले गिरोह का पुलिस ने भंडाफोड़ करते हुए मुठभेड़ के दौरान एक अभियुक्त को घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया, जबकि एक बाल अपचारी को भी मौके से पकड़ा गया। अभियुक्तों के पास से असलहा, कारतूस व मोटरसाइकिल बरामद हुई है। पुलिस अब फरार चार अन्य अभियुक्तों की तलाश में जुटी है।
घटना का खुलासा करते हुए पुलिस ने बताया कि वादी राजकुमार गोंड़ निवासी ग्राम अजगरा मशर्फी (नैनीजोर), थाना रौनापार ने 1 अगस्त को तहरीर देकर बताया था कि 31 जुलाई की रात करीब 10:05 बजे छह अज्ञात चोरों ने महुला स्थित उसकी शराब की दुकान के गोदाम में घुसकर चोरी का प्रयास किया। उनके पास हथियार भी थे और यह पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। इस पर पुलिस ने अज्ञात छह अभियुक्तों के विरुद्ध बीएनएस की धारा 305, 62 के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।

जांच के क्रम में 2 अगस्त की रात को थानाध्यक्ष मन्तोष सिंह व चौकी प्रभारी विवेक सिंह की टीम काखभार बाजार में संदिग्धों की चेकिंग कर रही थी, तभी मुखबिर से सूचना मिली कि शराब की दुकान में चोरी का प्रयास करने वाले कुछ लोग लाटघाट-महुला मुख्य मार्ग पर पाण्डेय का पुरा पुल से करीब 100 मीटर पश्चिम नहर किनारे बड़ी वारदात की फिराक में बैठे हैं। इस सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी की।
घेराबंदी के दौरान एक अभियुक्त ने पुलिस पर फायरिंग कर दी, जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने आत्मरक्षा में गोली चलाई, जिससे एक अभियुक्त शिवम यादव पुत्र लालधर यादव निवासी महुला डाड़ी, थाना रौनापार के दाहिने पैर में गोली लग गई। घायल शिवम को तत्काल सीएचसी अजमतगढ़ भेजा गया। मौके से एक बाल अपचारी को भी पुलिस ने हिरासत में लिया, जबकि चार अभियुक्त अंधेरे और भौगोलिक स्थिति का फायदा उठाकर फरार हो गए।
घटनास्थल से पुलिस ने एक देशी तमंचा .315 बोर, एक जिंदा और एक खोखा कारतूस तथा बिना नंबर प्लेट की सफेद रंग की TVS स्पोर्ट मोटरसाइकिल (चेचिस नंबर MD625CK24M3C03967) बरामद की। घायल शिवम यादव के विरुद्ध मु.अ.सं. 292/25 धारा 109(1) बीएनएस व 3/25 आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है।
एसएसपी आजमगढ़ हेमराज मीना ने इस मुठभेड़ व गिरफ्तारी की पुष्टि करते हुए बताया कि फरार अभियुक्तों की पहचान कर उनकी तलाश तेज़ कर दी गई है। पुलिस टीम की सराहना करते हुए उन्होंने अपराधियों के विरुद्ध सख्त अभियान जारी रखने का निर्देश दिया है।

और नया पुराने