Breaking News

सीमा सुरक्षा बल के जवान इंद्रमनी राम का पार्थिव शरीर गांव पहुंचते ही मचा कोहराम


आज़मगढ़।

रिपोर्ट: वीर सिंह

गार्ड ऑफ ऑनर के साथ दी गई अंतिम विदाई।

आजमगढ़। जनपद के लालगंज तहसील अंतर्गत ग्राम कूबा खास निवासी इंद्रमनी राम, जो सीमा सुरक्षा बल (BSF) की 76वीं बटालियन में मुख्य आरक्षक (जी.डी.) के पद पर कार्यरत थे, उनके आकस्मिक निधन की खबर से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।
बीते 31 जुलाई को ड्यूटी के दौरान अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई थी, जिसके बाद उन्हें गुजरात के गांधीनगर स्थित सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

जवान का पार्थिव शरीर एयर इंडिया की विशेष उड़ान के माध्यम से अहमदाबाद से वाराणसी लाया गया। वहां से वाहन द्वारा जब उनके पैतृक गांव कूबा खास लाया गया तो पूरे गांव में मातम छा गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। पत्नी विद्या देवी दहाड़ें मारकर बिलखती रहीं, वहीं पुत्र लकी कुमार बेसुध हो गया। गांव की गलियों में चीत्कार और आँसूओं का सैलाब उमड़ पड़ा।

उनकी अंतिम यात्रा में बड़ी संख्या में ग्रामीण, परिजन और प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे। मौके पर पहुँचीं एसडीएम न्यायिक नूपुर सिंह, सीओ लालगंज भूपेश पांडेय, तहसीलदार उमेश सिंह, मेहनाजपुर थाना प्रभारी सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।
इसके अलावा भाजपा नेता डब्बू सिंह, बसपा की जिला पंचायत सदस्य डॉ. गीता देवी, सपा के स्थानीय कार्यकर्ता सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं ने भी जवान के पार्थिव शरीर पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।
सेना के जवानों द्वारा गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया, जिसके साथ पूरे सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया गया।
जवान इंद्रमनी राम के बलिदान को पूरा क्षेत्र नमन कर रहा है। उनका योगदान सदैव स्मरणीय रहेगा।

और नया पुराने