Breaking News

चुनगपार में विकास ठप, जलजमाव से परेशान ग्रामीणों का हंगामेदार प्रदर्शन।


आज़मगढ़।

रिपोर्ट: आदर्श श्रीवास्तव

आजमगढ़। अजमतगढ़ विकास खण्ड की ग्रामसभा चुनगपार में रविवार को ग्रामीणों ने विकास कार्यों की बदहाली और जलजमाव की समस्या को लेकर जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान आक्रोशित ग्रामीणों ने ग्राम प्रधान के खिलाफ नारेबाजी की और चेतावनी दी कि अगर जल्द ही समस्याओं का समाधान नहीं किया गया तो आंदोलन और तेज किया जाएगा। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि गांव में नाली निकासी की गंभीर समस्या है। पूर्व प्रधान द्वारा बनाई गई नाली की वर्तमान प्रधान द्वारा केवल मरम्मत कराई गई, लेकिन खराब गुणवत्ता के चलते वह रिपेयरिंग कुछ ही दिनों में टूट गई।
 इसके बाद जलजमाव की समस्या और बढ़ गई। ग्रामीणों का कहना है कि कई लोग फिसलकर गिर चुके हैं, जिससे हाथ-पैर तक टूट गए। शिकायत करने पर ग्राम प्रधान ने शुरुआत में आश्वासन दिया लेकिन बाद में बजट का हवाला देकर पल्ला झाड़ लिया। मजबूर होकर ग्रामीणों ने आपसी चंदा इकट्ठा कर नाली की मरम्मत खुद शुरू की है।ग्रामीणों का कहना है कि- बरसात के मौसम में हालात और बिगड़ जाते हैं। नालियों की दुर्दशा और टूटी सड़कों की वजह से गलियाँ कीचड़ और पानी से भर जाती हैं। जलजमाव ने पूरे गांव को दलदल में बदल दिया है, जिससे बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं के लिए आना-जाना बेहद कठिन हो गया है। ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि विकास कार्यों की उपेक्षा के साथ-साथ गांव में टाउन एरिया का कचरा भी फेंका जाता है, जिससे गंदगी और बीमारी फैलने का खतरा और बढ़ गया है। ग्रामीणों का कहना है कि कई बार ग्राम प्रधान और संबंधित अधिकारियों से शिकायत की गई, लेकिन कोई ठोस कार्यवाही नहीं हुई। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि अगर जल्द ही समस्याओं का स्थायी समाधान नहीं निकाला गया तो वे मजबूर होकर उच्चाधिकारियों और जिलाधिकारी तक अपनी आवाज पहुँचाएंगे। प्रदर्शन में भीम सोनकर, महेंद्र सोनकर, गोविंद यादव, चंद्रभान यादव, राजेश कुमार श्रीवास्तव समेत दर्जनों ग्रामीण मौजूद रहे।

और नया पुराने