Breaking News

जनहित मुद्दों पर मंथन, समस्याओं के समाधान को बनेगी रणनीति


आज़मगढ़।

रिपोर्ट: अंजनी राय

लालगंज। क्षेत्र के करिया गोपालपुर गांव स्थित उद्योगपति कंचन सिंह के आवास पर सोमवार को डीएचपी समाजसेवी ग्रुप की बैठक आयोजित की गई। बैठक में समाज के विभिन्न वर्गों से जुड़े लोगों ने भाग लेकर जनहित से संबंधित मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की।


बैठक का मुख्य उद्देश्य क्षेत्र की मूलभूत समस्याओं पर विचार कर ठोस पहल तय करना रहा। संगठन के पदाधिकारियों ने सड़क की जर्जर स्थिति, साफ-सफाई की बदहाल व्यवस्था, पेयजल संकट और बढ़ती बेरोजगारी पर चिंता जताई। ग्रुप के संयोजक इंजीनियर धर्मेंद्र सोनकर ने कहा कि आम जनता को बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराना शासन-प्रशासन की जिम्मेदारी है, लेकिन कई स्थानों पर गंभीर लापरवाही सामने आ रही है।

बैठक में निर्णय लिया गया कि संबंधित अधिकारियों को ज्ञापन सौंपा जाएगा। साथ ही समस्याओं के समाधान के लिए चरणबद्ध तरीके से जनआंदोलन चलाने की रणनीति बनाई जाएगी। जरूरतमंद लोगों की सहायता के लिए विशेष अभियान शुरू करने पर भी सहमति बनी।

उद्योगपति कंचन सिंह ने लोगों से एकजुट होकर क्षेत्र के विकास के लिए निरंतर प्रयास करने का आह्वान किया। संरक्षक भानु प्रताप सिंह ने चेतावनी दी कि यदि समस्याओं का शीघ्र समाधान नहीं हुआ तो व्यापक आंदोलन किया जाएगा।

कार्यक्रम के अंत में सभी सदस्यों का आभार व्यक्त किया गया और समाजहित में निरंतर कार्य करने का संकल्प दोहराया गया। इससे पूर्व संगठन के पदाधिकारियों ने कठउनी, गड़ौली और रेवसा गांवों का भ्रमण कर ग्रामीणों से मुलाकात की और उनका हालचाल जाना।

बैठक में अध्यक्ष हिंदुस्तानी रमेश, कंचन सिंह, इमामुद्दीन, धर्मेंद्र सोनकर, भानु प्रताप सिंह, दीनदयाल मौर्य, हर्ष नारायण सिंह सहित कई लोग मौजूद रहे।

और नया पुराने