आशा ज्योति बालिका इंटर कॉलेज हरैया में भव्य कार्यक्रम, 90% से अधिक छात्र प्रथम श्रेणी में सफल
सगड़ी/आजमगढ़। तहसील क्षेत्र के हरैया ब्लॉक अंतर्गत आशा ज्योति बालिका इंटर कॉलेज हरैया में शुक्रवार को यूपी बोर्ड परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं का भव्य सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में इंटरमीडिएट की जिला टॉपर जागृति सिंह को 467 अंक (93.4%) प्राप्त कर जिले में प्रथम स्थान हासिल करने पर विशेष रूप से सम्मानित किया गया।
इसके साथ ही हाईस्कूल की कॉलेज टॉपर श्रेया मौर्य को 551 अंक (91.83%) प्राप्त करने पर सम्मानित किया गया। विद्यालय के अन्य सफल छात्र-छात्राओं को भी फूल-माला पहनाकर और मिठाई खिलाकर उत्साहवर्धन किया गया।
विद्यालय का परीक्षा परिणाम शत-प्रतिशत रहा, जिसमें 90 प्रतिशत से अधिक छात्र-छात्राएं प्रथम श्रेणी में उत्तीर्ण हुए। इस उपलब्धि पर विद्यालय परिवार में खुशी का माहौल रहा।
इस अवसर पर विद्यालय प्रबंधक अभिषेक कुमार राय, प्रधानाचार्य पुष्पा राय और डायरेक्टर दीपक सिंह ने मेधावी छात्रों को सम्मानित करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
जिला टॉपर जागृति सिंह ने अपनी सफलता का श्रेय गुरुजनों और माता-पिता को देते हुए कहा कि उनका लक्ष्य डॉक्टर बनकर गरीबों की सेवा करना है। उन्होंने अन्य छात्रों को भी मेहनत और लगन से आगे बढ़ने की प्रेरणा दी।
प्रबंधक अभिषेक कुमार राय ने कहा कि छात्रों की इस सफलता से विद्यालय गौरवान्वित हुआ है। उन्होंने कहा कि अनुशासन और कड़ी मेहनत से हर लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।
कार्यक्रम में विद्यालय के शिक्षक, छात्र-छात्राएं और अभिभावक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।