आज़मगढ़। राष्ट्रीय पंचायतीराज दिवस के अवसर पर विकासखंड परिसर में आयोजित विशेष कार्यक्रम में सेंट जेवियर स्कूल, जीयनपुर के छात्र-छात्राओं ने गांव की सरकार को करीब से समझा। पंचायतीराज विभाग की पहल पर आयोजित इस कार्यक्रम में बच्चों को ग्राम पंचायत की कार्यप्रणाली, योजनाओं के क्रियान्वयन और विकास कार्यों की पूरी जानकारी दी गई।
खंड विकास अधिकारी जितेंद्र कुमार मिश्रा ने छात्रों को बताया कि पंचायत व्यवस्था गांव के विकास की सबसे मजबूत कड़ी है, जहां योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का काम किया जाता है। उन्होंने विस्तार से समझाया कि किस तरह ग्राम सभा, पंचायत समिति और विभिन्न विभाग मिलकर गांव में विकास कार्यों को धरातल पर उतारते हैं।
कार्यक्रम के दौरान छात्रों ने भी उत्साह दिखाते हुए ग्राम सभा की बैठकों, बजट के उपयोग और विकास कार्यों की पारदर्शिता को लेकर कई सवाल पूछे। अधिकारियों ने सभी सवालों का सरल और स्पष्ट जवाब देते हुए शासन की योजनाओं के क्रियान्वयन की प्रक्रिया समझाई।
एडीओ पंचायत सुभाष शर्मा ने भी पंचायत व्यवस्था की बारीकियों से छात्रों को अवगत कराया और उन्हें जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम को सफल बनाने में ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि मनीष मिश्रा का विशेष सहयोग रहा। इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षक पवन कुमार सिंह, आराधना राय समेत अन्य लोग मौजूद रहे।
इस आयोजन ने छात्रों को न सिर्फ जानकारी दी, बल्कि उन्हें अपने गांव और समाज के प्रति जिम्मेदारी समझने का एक मजबूत आधार भी दिया।