Breaking News

जीयनपुर में दर्दनाक सड़क हादसा: दो बाइकों की टक्कर के बाद ट्रेलर के नीचे आया युवक, मौके पर मौत


आज़मगढ़।

रिपोर्ट: वीर सिंह

घर से महज आधा किलोमीटर पहले टूटी जिंदगी की डोर, दो युवक घायल, एक की हालत गंभीर


आज़मगढ़ (जीयनपुर): जीयनपुर कोतवाली क्षेत्र में डाक बंगले के पास शुक्रवार देर रात एक हृदयविदारक सड़क हादसा सामने आया, जिसने पूरे इलाके को झकझोर दिया। रात करीब 11 बजे दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर के बाद हालात इतने बिगड़ गए कि एक युवक ट्रेलर के नीचे आ गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

मृतक की पहचान मुफीद (25) पुत्र शब्बीर, निवासी आजाद नगर वार्ड, नगर पंचायत जीयनपुर के रूप में हुई है। परिजनों के मुताबिक, मुफीद बागखालिश बाजार में सामान की डिलीवरी कर घर लौट रहा था। लेकिन घर से महज आधा किलोमीटर पहले ही वह इस दर्दनाक हादसे का शिकार हो गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर के बाद मुफीद की बाइक अनियंत्रित हो गई और उसी दौरान पास से गुजर रहे तेज रफ्तार ट्रेलर के नीचे वह आ गया। हादसा इतना भीषण था कि मौके पर ही उसकी मौत हो गई।

घटना में दूसरी बाइक पर सवार सत्यम यादव और हिमांशु यादव, निवासी महाराजगंज, भी गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल सत्यम की हालत नाजुक देखते हुए उसे जिला अस्पताल रेफर किया गया है, जबकि हिमांशु का इलाज स्थानीय स्तर पर चल रहा है।

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं, मृतक के घर में मातम पसरा हुआ है। पिता शब्बीर, मां और भाई आफताब अहमद का रो-रोकर बुरा हाल है।

मृतक के भाई आफताब अहमद ने कोतवाली में तहरीर देकर अज्ञात ट्रेलर चालक और संबंधित बाइक सवारों के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने का आरोप लगाते हुए सख्त कार्रवाई की मांग की है।

पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

और नया पुराने