आजमगढ़/जीयनपुर। जीयनपुर कस्बे के नौशहरा स्थित मदरसा जामिया अरबिया तनवीरुल उलूम में गुरुवार सुबह वार्षिक प्रशस्ति पत्र वितरण एवं विदाई समारोह का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में वर्ष 2026 की वार्षिक परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी छात्र-छात्राओं को मेडल, प्रशस्ति पत्र और पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। साथ ही मदरसे में लगभग तीन दशक तक सेवाएं देने वाली शिक्षिका अजरा खातून को भावभीनी विदाई दी गई।
कार्यक्रम का शुभारंभ पवित्र कुरआन शरीफ की तिलावत से हुआ। समारोह में नगर पंचायत जीयनपुर के पूर्व चेयरमैन एबाद अहमद खान मुख्य अतिथि तथा नगर पंचायत अध्यक्ष पुरुषोत्तम यादव एवं वरिष्ठ समाजसेवी ज्ञानेन्द्र मिश्रा विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। अतिथियों ने मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
मदरसे के प्रबंधक गुलाम मोहम्मद रिजवी एवं प्रधानाचार्य रियासत हुसैन की देखरेख में आयोजित कार्यक्रम में प्रधानाचार्य ने बताया कि सम्मान समारोह का उद्देश्य प्रत्येक कक्षा में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करना है, ताकि अन्य छात्र-छात्राएं भी बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित हों।
कार्यक्रम का दूसरा सत्र भावुक माहौल में संपन्न हुआ। मदरसे की नायब मोअल्लिमा (तहतानिया) अजरा खातून को उनकी दीर्घ एवं उत्कृष्ट सेवाओं के लिए सम्मानित करते हुए विदाई दी गई। वर्ष 1997 से लगातार बच्चों को शिक्षा देने वाली अजरा खातून 31 मार्च 2026 को सेवानिवृत्त हुई थीं। इस अवसर पर उन्हें शॉल ओढ़ाकर, स्मृति चिह्न एवं गुलदस्ता भेंट किया गया। विदाई के दौरान शिक्षकों, छात्र-छात्राओं और प्रबंध समिति के सदस्यों ने उनके स्वस्थ एवं सुखद भविष्य की कामना की।
प्रधानाचार्य रियासत हुसैन ने अपने संबोधन में कहा कि जो विद्यार्थी इस बार अपेक्षित सफलता हासिल नहीं कर सके हैं, उन्हें निराश होने की आवश्यकता नहीं है। उन्होंने विद्यार्थियों से अधिक मेहनत और लगन के साथ अध्ययन करने का आह्वान करते हुए कहा कि अगले वर्ष वे भी बेहतर प्रदर्शन कर सम्मान प्राप्त कर सकते हैं।
इस अवसर पर मौलाना फैयाज अहमद, मोहम्मद मोहसिन, मौलाना अब्बास अली, कारी जलालुद्दीन, जरगाम हैदर, खुर्शीद अहमद, बरकात अहमद, दानिश, हाफिज सगीर अहमद, मौलवी गुलाम साबिर, शबनम, कारी नूरुद्दीन, अशफाक, मजहर हुसैन, कमरुद्दीन, वसीम, फारूक अहमद, सलीम सहित बड़ी संख्या में शिक्षक, छात्र-छात्राएं, अभिभावक एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।