Breaking News

गैंगस्टर एक्ट में 25-25 हजार के दो इनामी गिरफ्तार, वाराणसी-भदोही तक फैले नेटवर्क का पुलिस ने किया खुलासा


आज़मगढ़।

रिपोर्ट: वीर सिंह

आजमगढ़। तरवां थाना पुलिस ने गैंगस्टर एक्ट से संबंधित मामले में 25-25 हजार रुपये के दो इनामी वांछित अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपी जामवन्त यादव उर्फ जमुना गिरोह से जुड़े हैं। इससे पहले गिरोह के सदस्य जामवन्त यादव उर्फ जमुना और हीरालाल यादव को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है।

पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान सुमित यादव, निवासी झरिहंगपुर, थाना कोईरौना, जनपद भदोही, उम्र करीब 23 वर्ष और प्रदुम्मन यादव, निवासी मन्नीपुर, थाना कोईरौना, जनपद भदोही, उम्र करीब 26 वर्ष के रूप में हुई है।

वाराणसी के मामले में सामने आए थे नाम

पुलिस के अनुसार, 28 अप्रैल 2025 को थाना मिर्जामुराद, वाराणसी में धारा 309(4) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। विवेचना के दौरान जामवन्त यादव उर्फ जमुना, सुमित यादव और प्रदुम्मन यादव के नाम प्रकाश में आए। मामले में धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोतरी की गई और विवेचना पूरी होने के बाद आरोप पत्र न्यायालय भेजा गया।

पुलिस का कहना है कि आरोपियों के आपराधिक कृत्यों और पूर्व आपराधिक इतिहास के आधार पर उत्तर प्रदेश गिरोहबंद एवं समाज विरोधी क्रियाकलाप निवारण अधिनियम के तहत गैंगचार्ट तैयार किया गया। इस मामले में चार आरोपियों के खिलाफ निरोधात्मक कार्रवाई की जा रही है।

25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित था

पुलिस के अनुसार, सुमित यादव और प्रदुम्मन यादव की गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे थे। गिरफ्तारी न होने पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आजमगढ़ द्वारा 6 सितंबर 2026 को दोनों पर 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।

इसी क्रम में 12 सितंबर 2026 को सुबह करीब 9:35 बजे थानाध्यक्ष तरवां राजीव सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने दोनों आरोपियों को तरवां-मेहनाजपुर सीमा पर पुलिया के पास, ग्राम नूरपुर/भंवरपुर क्षेत्र से गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार, दोनों के खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।

गिरफ्तार आरोपियों का आपराधिक इतिहास

पुलिस के अनुसार, सुमित यादव के खिलाफ वाराणसी और भदोही में लूट, हत्या के प्रयास, आर्म्स एक्ट और गैंगस्टर एक्ट से संबंधित तीन मुकदमे दर्ज हैं। वहीं प्रदुम्मन यादव के खिलाफ मिर्जामुराद, वाराणसी में बीएनएस और आर्म्स एक्ट से संबंधित दो मुकदमे दर्ज हैं।

जामवन्त यादव पर 32 मुकदमे दर्ज होने का दावा

पुलिस ने गिरोह के प्रमुख सदस्य बताए गए जामवन्त यादव उर्फ जमुना के खिलाफ लूट, हत्या के प्रयास, रंगदारी, गैंगस्टर एक्ट, अवैध असलहा और एनडीपीएस एक्ट समेत 32 अभियोग दर्ज होने की जानकारी दी है। ये मुकदमे आजमगढ़, गाजीपुर और वाराणसी के विभिन्न थानों में दर्ज बताए गए हैं।

वहीं हीरालाल यादव के खिलाफ तरवां थाने में हत्या के प्रयास, मारपीट, धमकी और एससी/एसटी एक्ट समेत चार मुकदमे दर्ज होने की जानकारी पुलिस ने दी है। पुलिस के अनुसार, उसे पूर्व में गैंगस्टर एक्ट से संबंधित मामले में गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है।

पुलिस का कहना है कि गिरफ्तार दोनों अभियुक्तों के खिलाफ नियमानुसार आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

नोट: गिरोह, आपराधिक नेटवर्क और आरोपों से संबंधित विवरण पुलिस की विवेचना एवं अभिलेखों पर आधारित हैं। किसी आरोपी की दोषसिद्धि न्यायालय के अंतिम निर्णय के अधीन है।


और नया पुराने