Breaking News

कचहरी पहुंचा था मुकदमे की तारीख पर, पुलिस ने गैंगस्टर एक्ट में वांछित आरोपी को दबोचा


आज़मगढ़।

रिपोर्ट: वीर सिंह

69.812 किलो गांजा बरामदगी के मामले में गैंगस्टर एक्ट के तहत वांछित अभियुक्त गिरफ्तार

आजमगढ़। कंधरापुर थाना पुलिस ने गांजा तस्करी के एक मामले में गैंगस्टर एक्ट के तहत वांछित अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी की गिरफ्तारी शुक्रवार को आजमगढ़ कचहरी चौराहे से की गई। आरोपी न्यायालय में अपने मुकदमे की तारीख के सिलसिले में आया था।

पुलिस के मुताबिक, 29 अगस्त 2025 को कंधरापुर थाना पुलिस सेहदा अंडरपास के पास चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान कंटेनर संख्या UK 06 CC 1141 की तलाशी में सात बंडल/पैकेट में रखा कुल 69.812 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया था। मामले में थाना कंधरापुर में मु0अ0सं0 272/2025, धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट के तहत अरशद अली समेत दो आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था।

पुलिस के अनुसार, इस मामले में अभियुक्त अरशद अली के खिलाफ आरोप पत्र संख्या 282/2025 दिनांक 10 अक्टूबर 2025 को न्यायालय भेजा जा चुका है। इसके बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई की। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आजमगढ़ के निर्देशन में 9 सितंबर 2026 को थाना कंधरापुर में मु0अ0सं0 222/2026, धारा 2(ख)(ii)/3(1) उत्तर प्रदेश गिरोहबंद एवं समाज विरोधी क्रिया-कलाप निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।

इसी मामले में गैंगस्टर एक्ट के तहत वांछित अरशद अली पुत्र नन्हे अली, निवासी ग्राम रईया नगला, थाना मीरगंज, जनपद बरेली, उम्र करीब 26 वर्ष को 12 सितंबर 2026 को दोपहर करीब 12:05 बजे कचहरी चौराहा, आजमगढ़ से गिरफ्तार किया गया।

पुलिस ने बताया कि आरोपी अपने मुकदमे के सिलसिले में न्यायालय आया हुआ था। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने संबंधित धाराओं में अग्रिम वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

दर्ज मुकदमे

  • मु0अ0सं0 272/2025: धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट, थाना कंधरापुर।
  • मु0अ0सं0 222/2026: धारा 2(ख)(ii)/3(1) गैंगस्टर एक्ट, थाना कंधरापुर।

गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में अपराध निरीक्षक संजय मिश्र, उपनिरीक्षक शिवम मिश्रा, कांस्टेबल रामायन गौतम और कांस्टेबल सुजीत कुमार शामिल रहे।

और नया पुराने