Breaking News

निर्माणाधीन मकान से बिजली वायरिंग का तार चोरी करने के आरोप में दो गिरफ्तार, 4.860 किलो कॉपर वायर बरामद


आज़मगढ़।

रिपोर्ट: वीर सिंह

आजमगढ़। सिधारी थाना क्षेत्र के गेलवारा में निर्माणाधीन मकान से बिजली वायरिंग का तार चोरी होने के मामले का पुलिस ने खुलासा करने का दावा किया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से करीब 4.860 किलोग्राम जला हुआ कॉपर वायर बरामद किया गया है।

पुलिस के अनुसार, जौनपुर के मछलीशहर थाना क्षेत्र के बसदुआ निवासी राजेंद्र प्रसाद ने 28 सितंबर 2026 को सिधारी थाने में तहरीर दी थी। उन्होंने बताया कि गेलवारा में उनका मकान निर्माणाधीन है, जहां 11 सितंबर से बिजली वायरिंग का काम चल रहा था। 28 सितंबर को मौके पर पहुंचने पर वायरिंग का तार गायब मिला।

तहरीर के आधार पर सिधारी थाने में मु0अ0सं0 398/2026, धारा 303(2) बीएनएस के तहत अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस के अनुसार, बरामदगी के आधार पर मुकदमे में धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोतरी की गई।

विवेचना के दौरान 29 सितंबर 2026 को उपनिरीक्षक धर्मराज यादव ने पुलिस टीम के साथ गेलवारा अंडरपास के पास से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रोशन पुत्र स्वर्गीय प्रभुनाथ (20 वर्ष) और अमित कुमार उर्फ डिम्पल पुत्र सुभाष (23 वर्ष), दोनों निवासी जाफरपुर, थाना सिधारी, आजमगढ़ के रूप में हुई है।

पुलिस ने बताया कि आरोपियों के कब्जे से 4.860 किलोग्राम जला हुआ कॉपर का तार बरामद हुआ। दोनों आरोपियों के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी कर उन्हें न्यायालय में पेश किया जा रहा है।

गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक धर्मराज यादव, कांस्टेबल अजीत कुमार सिंह और कांस्टेबल विनोद कुमार यादव शामिल रहे।

और नया पुराने