आज़मगढ़।
रिपोर्ट: वीर सिंह
आजमगढ़। मुबारकपुर थाना पुलिस ने चोरी की दो घटनाओं का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से चोरी की बाइक, चांदी की माला, चांदी का सिक्का, नाक की कील, चार साड़ियां और 6,100 रुपये नकद बरामद किए गए हैं। एक आरोपी के पास से .315 बोर का अवैध तमंचा और एक जिंदा कारतूस भी बरामद हुआ है।
पुलिस के मुताबिक, नीबी बुजुर्ग गांव निवासी मुराली देवी के घर में 7 सितंबर की रात ताला तोड़कर जेवरात और नकदी चोरी हुई थी। मामले में 12 सितंबर को मुबारकपुर थाने में मुकदमा दर्ज किया गया था। विवेचना के दौरान सामने आए आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम प्रयास कर रही थी।
इसी क्रम में 13 सितंबर को उपनिरीक्षक सतीश कुमार की टीम ने सूचना के आधार पर अंश ग्रुप प्लाट के पास घेराबंदी कर राजीव प्रजापति (34) और शिवम गोड़ (18), दोनों निवासी मोहब्बतपुर, थाना मुबारकपुर, को गिरफ्तार किया। पुलिस ने उनके कब्जे से एक चांदी की माला, एक चांदी का सिक्का और 5,000 रुपये नकद बरामद किए। पुलिस का कहना है कि पूछताछ में दोनों ने नीबी बुजुर्ग में चोरी की घटना में शामिल होने की बात स्वीकार की। बरामद सामान बेचकर मिली रकम खर्च करने की बात भी सामने आई है।
दूसरी चोरी में बाइक समेत आरोपी गिरफ्तार
दूसरी घटना 10 सितंबर की रात पुरुषोत्तमपुर गांव में हुई थी। पुलिस के अनुसार, छोटेलाल गोड़ के घर से अज्ञात चोर बक्सा उठा ले गए थे। बक्से में साड़ियां, चांदी की पायल और नाक की नथुनी/कील समेत अन्य सामान था। इस मामले में 11 सितंबर को मुकदमा दर्ज किया गया था।
विवेचना के दौरान अभिषेक यादव (24) निवासी खोजापुर माधोपट्टी, थाना कंधरापुर, का नाम सामने आया। 13 सितंबर को उपनिरीक्षक सौरभ सिंह की टीम ने बिजरवा सर्विस लेन पर चेकिंग के दौरान उसे गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार, अभिषेक के कब्जे से बजाज CT100 मोटरसाइकिल, नाक की एक कील, चार साड़ियां, 1,100 रुपये नकद, .315 बोर का तमंचा और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ। पुलिस ने बरामद बाइक को निजामाबाद थाने में दर्ज चोरी के एक मुकदमे से संबंधित बताया है।
पूछताछ में पुलिस के मुताबिक, अभिषेक ने अपने साथी अंकित निवासी लेढुआ, थाना तहबरपुर के साथ दिन में रेकी और रात में चोरी करने की बात बताई। पुलिस का दावा है कि उसने 5/6 सितंबर की रात मेल्हूगंज बाजार से बाइक चोरी और 10 सितंबर की रात पुरुषोत्तमपुर में चोरी की घटना में शामिल होना स्वीकार किया है। पुलिस अब उसके बताए साथी अंकित की गिरफ्तारी का प्रयास कर रही है।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी अभिषेक यादव के खिलाफ कंधरापुर, कोतवाली आजमगढ़ और निजामाबाद थानों में चोरी, शस्त्र अधिनियम, मारपीट और गिरोहबंद अधिनियम समेत 11 मुकदमे पहले से दर्ज हैं।
पुलिस ने दोनों मामलों में संबंधित धाराओं में कार्रवाई करते हुए बरामदगी के आधार पर मुकदमों में धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोतरी की है। वहीं, तमंचा बरामद होने के मामले में आर्म्स एक्ट के तहत अलग मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई जारी है।