Breaking News

आजमगढ़ में दो वांछित अभियुक्त गिरफ्तार, साइबर ठगी की पीड़िता को मिले ₹7,098 वापस

वीडियो खबर के लिए क्लिक करें।

आज़मगढ़।

रिपोर्ट: वीर सिंह

निजामाबाद में फर्जी दस्तावेजों से जमीन कब्जाने के प्रयास का आरोप, महराजगंज पुलिस ने किशोरी को ले जाने के मामले में वांछित आरोपी को पकड़ा

आजमगढ़। जनपद के निजामाबाद और महराजगंज थाना पुलिस ने अलग-अलग मामलों में दो वांछित अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। निजामाबाद पुलिस ने फर्जी एवं कूटरचित दस्तावेज तैयार कर जमीन पर कब्जे का प्रयास करने और धमकी देने के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया। वहीं, महराजगंज पुलिस ने किशोरी को बहला-फुसलाकर ले जाने के मामले में प्रकाश में आए वांछित अभियुक्त को गिरफ्तार किया। इसके अलावा फूलपुर थाना साइबर हेल्पडेस्क की कार्रवाई से साइबर ठगी की पीड़िता को 7,098 रुपये वापस मिले।

फर्जी दस्तावेजों से जमीन कब्जाने के प्रयास का आरोप, 66 वर्षीय आरोपी गिरफ्तार

पुलिस के अनुसार, निजामाबाद थाना क्षेत्र के मोहल्ला तेलीपुर निवासी अबु अकदश पुत्र आफताब ने शिकायत दर्ज कराई थी कि विपक्षी पक्ष ने उनकी जमीन को स्वर्गीय अब्दुल अजीज की संपत्ति दर्शाकर कथित रूप से फर्जी एवं कूटरचित रजिस्टर्ड हिब्बानामा तैयार कराया। आरोप है कि न्यायालय से मुकदमा हारने के बाद भी इन दस्तावेजों के आधार पर जमीन पर कब्जा करने का प्रयास किया गया।

वादी ने विरोध करने पर गाली-गलौज, असलहा दिखाकर जान से मारने की धमकी देने और दीवार व अहाते में रखे घरेलू सामान को क्षतिग्रस्त करने का भी आरोप लगाया था। इस संबंध में थाना निजामाबाद में मुकदमा अपराध संख्या 187/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था।

पुलिस ने 12 अक्टूबर 2026 को कार्रवाई करते हुए नामजद अभियुक्त मोतीन अहमद (66) पुत्र स्वर्गीय अब्दुल अजीज निवासी मोहल्ला तेलीपुरा, कस्बा निजामाबाद को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी को नियमानुसार न्यायालय भेज दिया गया।

किशोरी को बहला-फुसलाकर ले जाने के मामले में वांछित आरोपी गिरफ्तार

महराजगंज थाना पुलिस ने 15 वर्षीय किशोरी को बहला-फुसलाकर ले जाने के मामले में वांछित अभियुक्त पवन कुमार पुत्र चिंता राम निवासी छोटकी भैसहीं, थाना सिरसिया, जनपद श्रावस्ती को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के मुताबिक, 12 सितंबर 2026 को किशोरी के पिता ने अपनी पुत्री को बहला-फुसलाकर ले जाने की शिकायत दर्ज कराई थी। इस आधार पर थाना महराजगंज में मुकदमा अपराध संख्या 221/2026 के तहत धारा 137(2) और 87 बीएनएस में मुकदमा दर्ज किया गया था।

विवेचना के दौरान नामजद अभियुक्त अमित प्रजापति की नामजदगी गलत पाए जाने और पवन कुमार का नाम सामने आने के बाद पुलिस उसकी तलाश कर रही थी। 13 अक्टूबर 2026 को उपनिरीक्षक सुभाष सिंह और कांस्टेबल धीरज यादव की टीम ने उसे परशुरामपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के गेट के पास से सुबह करीब 11:50 बजे गिरफ्तार कर लिया।

साइबर ठगी की पीड़िता को वापस मिले 7,098 रुपये

फूलपुर थाना क्षेत्र के उदपुर निवासी पुष्पा यादव पत्नी महेन्द्र कुमार यादव के साथ 17 जून 2026 को साइबर धोखाधड़ी हुई थी। पीड़िता के अनुसार, एक व्यक्ति ने खुद को आईआरसीटीसी/रेलवे विभाग का कर्मचारी बताकर ट्रेन में खाना ऑर्डर करने के नाम पर ठगी की। इस दौरान उनके यूनियन बैंक ऑफ इंडिया के खाते से 30,000 रुपये निकाल लिए गए थे।

पीड़िता ने साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 और आधिकारिक पोर्टल के माध्यम से शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत पर कार्रवाई करते हुए फूलपुर थाना साइबर हेल्पडेस्क ने संबंधित बैंक के नोडल अधिकारी से संपर्क किया और आवश्यक प्रक्रिया पूरी कराई। इसके परिणामस्वरूप पीड़िता के खाते में 7,098 रुपये वापस कराए गए।

इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक दयानन्द और महिला मुख्य आरक्षी पूजा पाण्डेय शामिल रहीं।

आजमगढ़ पुलिस ने आमजन से अपील की है कि साइबर धोखाधड़ी होने पर तत्काल हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत करें या आधिकारिक वेबसाइट https://cybercrime.gov.in/ पर ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराएं, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।

और नया पुराने