नवरात्र के प्रथम दिन पुलिस लाइन से निकली रैली, अपर जिलाधिकारी और पुलिस अधिकारियों ने हरी झंडी दिखाकर किया रवाना
आजमगढ़। मिशन शक्ति फेज-6.0 के तहत सोमवार, 12 अक्टूबर को शारदीय नवरात्र के प्रथम दिन पुलिस लाइन आजमगढ़ से महिला सशक्तिकरण एवं जागरूकता रैली निकाली गई। अपर जिलाधिकारी नरेंद्र सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक यातायात पंकज कुमार श्रीवास्तव, क्षेत्राधिकारी लालगंज आस्था जायसवाल और क्षेत्राधिकारी सदर कौस्तुभ त्रिपाठी ने हरी झंडी दिखाकर रैली को रवाना किया। रैली के माध्यम से महिलाओं एवं बालिकाओं को सुरक्षा, सम्मान, स्वावलंबन और कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूक किया गया।
रैली पुलिस लाइन से प्रारंभ होकर चौकी सिविल लाइंस, कलेक्ट्रेट भवन, अग्रसेन चौराहा और घंटाघर होते हुए पुनः पुलिस लाइन पहुंचकर संपन्न हुई। इस दौरान महिला सुरक्षा, सम्मान और आत्मनिर्भरता का संदेश जन-जन तक पहुंचाया गया। साथ ही महिलाओं एवं बालिकाओं को अपने अधिकारों के प्रति सजग रहने और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया गया।
800 से अधिक महिलाओं समेत विभिन्न संस्थानों की सहभागिता
कार्यक्रम में जिला प्रोबेशन अधिकारी सुबोध कुमार सिंह, अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. आलेन्द्र कुमार, चाइल्डलाइन के संत शाही, शिक्षा विभाग के प्रतिनिधि, महादेवी विद्यालय सिधारी एवं सेंट जेवियर्स स्कूल के विद्यार्थी, एनसीसी कैडेट्स, नर्सिंग के छात्र-छात्राएं और मिशन शक्ति से जुड़ी गैर-सरकारी संस्था के सदस्य शामिल हुए। रैली में 800 से अधिक महिलाओं ने प्रतिभाग किया। यातायात पुलिस निरीक्षक संजय कुमार पाल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी और पुलिसकर्मी भी मौजूद रहे।
उत्पीड़न के खिलाफ आवाज उठाने की अपील
रैली के माध्यम से महिलाओं एवं बालिकाओं को किसी भी प्रकार की समस्या या उत्पीड़न की स्थिति में निडर होकर आवाज उठाने तथा जरूरत पड़ने पर पुलिस और संबंधित विभागों से सहायता लेने के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रम में महिला सुरक्षा और सशक्तिकरण को सामाजिक जिम्मेदारी बताते हुए जागरूकता बढ़ाने पर जोर दिया गया।
जनपद पुलिस के अनुसार, महिलाओं एवं बालिकाओं को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने, उनमें आत्मविश्वास बढ़ाने और महिला सुरक्षा के प्रति जन-जागरूकता विकसित करने के उद्देश्य से मिशन शक्ति अभियान के तहत लगातार कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।