Breaking News

व्यापारी सुरक्षा प्रकोष्ठ की मासिक बैठक में उठीं समस्याएं, संबंधित विभागों को कार्रवाई के निर्देश


आज़मगढ़।

रिपोर्ट: वीर सिंह

दुकानों पर सीसीटीवी लगाने की अपील, दुर्गा पूजा में निर्धारित ध्वनि मानकों के पालन पर जोर

व्यापारियों, पेट्रोल पंप संचालकों, बैंक मित्रों और माइक्रो फाइनेंस कर्मियों की सुरक्षा तथा उनकी समस्याओं के निस्तारण को लेकर 10 अक्टूबर 2026 को पुलिस लाइन स्थित सभागार में व्यापारी सुरक्षा प्रकोष्ठ की मासिक समीक्षा एवं समन्वय बैठक आयोजित की गई। बैठक में यातायात, विद्युत, अतिक्रमण और क्षतिग्रस्त सड़कों से जुड़ी समस्याएं उठाई गईं। संबंधित विभागों के अधिकारियों को इनके समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।

पुलिस महानिदेशक, उत्तर प्रदेश के निर्देशों के अनुपालन में आयोजित बैठक वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक यातायात एवं नोडल अधिकारी व्यापारी सुरक्षा प्रकोष्ठ के पर्यवेक्षण तथा थाना एएचटी के प्रभारी निरीक्षक की अध्यक्षता में हुई।

बैठक में व्यापारियों ने रेलवे स्टेशन के पास जाम की समस्या, दुर्गा पूजा समितियों द्वारा सड़क पर मूर्ति स्थापित किए जाने से उत्पन्न होने वाली समस्याओं, शहर चौक के पास विद्युत तारों को ऊंचा कराने और जर्जर विद्युत पोल बदलने का मुद्दा उठाया। इसके अलावा दुर्गा पूजा के दौरान तेज आवाज में डीजे बजाने, जीयनपुर कस्बे में संजय जायसवाल के मकान के पास सार्वजनिक स्थान पर अतिक्रमण, सड़क पर भारी वाहनों के खड़े होने से लगने वाले जाम और क्षतिग्रस्त सड़कों की समस्या भी सामने रखी गई।

इन समस्याओं के निस्तारण के लिए संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए, ताकि व्यापारियों और आमजन को होने वाली परेशानियों को दूर किया जा सके।

बैठक में व्यापारियों को अपने प्रतिष्ठानों पर अधिकाधिक सीसीटीवी कैमरे लगवाने और सुरक्षा के प्रति सतर्क रहने के लिए जागरूक किया गया। आगामी दुर्गा पूजा के मद्देनजर डीजे संचालकों और पूजा आयोजकों से निर्धारित ध्वनि मानकों का पालन करने तथा अधिकतम चार साउंड के प्रयोग संबंधी निर्देशों का अनुपालन सुनिश्चित करने की अपील की गई।

बैठक में थाना एएचटी के प्रभारी निरीक्षक, प्रभारी निरीक्षक यातायात, विद्युत विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी, विभिन्न व्यापारिक संगठनों के पदाधिकारी और व्यापारी उपस्थित रहे।


और नया पुराने