Breaking News

चेक क्लोनिंग करके ठगी करने वाले तीन जालसाज चढ़े पुलिस के हत्थे।

चन्दौली।

रिपोर्ट: ओ पी श्रीवास्तव

चंदौली। जनपद पुलिस को उस समय बडी सफलता हाथ लगी जब मुखबिर की सटीक सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए मुगलसराय कोतवाली प्रभारी शिवानन्द मिश्रा एवं एसओजी प्रभारी अभय सिंह मयफोर्स सहित मंगलवार की देर रात्रि करीब 12.45 बजे रेलवे कॉलोनी के डीआरएम आफिस चौराहे के समीप से चेक क्लोनिंग कर ठगी करने वाले गिरोह के 3 सदस्यों को तीन एटीएम कार्ड, 5 सिम कार्ड, दो पैन कार्ड, तीन आधार कार्ड, एक वोटर आईडी, एक डीएल सहित दो 315 बोर का तमंचा व जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार किया। मामले का खुलासा करते हुए अपर पुलिस अधीक्षक प्रेमचन्द ने बताया कि पकड़े गए अभियुक्तों द्वारा चेक क्लोनिंग कराकर उसे विभिन्न खातों में विथडरॉल करा लिया जाता है। इनके द्वारा किसी भी सरकारी अथवा गैर सरकारी संस्था के चेक को प्राप्त करने के पश्चात सहयोगी साथी कुंदन सेठ के माध्यम से नागपुर में एक व्यक्ति से चेक क्लोन तैयार कराकर फर्जी खातों में विथडरॉल कराकर एटीएम कार्ड के माध्यम से पैसों की निकासी कर ली जाती है। इनके द्वारा अपने क्षेत्रों सहित मुगलसराय के जल निगम एवं नगर पालिका के चेकों से इस प्रकार के कृत्य को अंजाम दिया गया है। अभियुक्तों ने पूछताछ में बताया कि हमारे गिरोह के सदस्यों द्वारा बरामद पहचान पत्रों एवं सिम कार्डो की सहायता से फर्जी खाते खुलवाने का कार्य किया जाता है। इसके लिए गिरोह के प्रत्येक सदस्य को अलग-अलग कार्यों की जिम्मेदारी दी जाती है। गिरफ्तार अभियुक्तों में राजेश मिश्रा उर्फ सोनू पुत्र स्व. फौजदार मिश्रा निवासी महामण्डल नगर चेतगंज वाराणसी, विपिन त्यागी उर्फ अमित त्यागी पुत्र राजनाथ राय निवासी मडुहाडीह वाराणसी एवं अनूप शर्मा पुत्र विजय शर्मा निवासी चौक वाराणसी शामिल है। अभियुक्तों के विरुद्ध अभियोग पंजीकृत कर आवश्यक वैधानिक कार्यवाही की जा रही है।
और नया पुराने