दिल्ली
रिपोर्ट: ब्यूरो
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज देश को संबोधित करते हुए कहा कि- सभी की तरफ से सुझाव आए हैं कि लॉकडाउन को आगे बढ़ाया जाए. सभी के सुझाव को ध्यान में रखते हुए यह फैसला लिया गया है कि लॉकडाउन को तीन मई तक के लिए बढ़ाया जाए.
सभी लोग अनुशासन के साथ घर में रहें. पीएम ने कहा कि जिन इलाकों में कोरोना के संक्रमण कम हों वहां 20 अप्रैल से कुछ छूट दी जा सकती है
पीएम ने देश के सभी लोगों को कोरोना से लड़ने में एकजुटता दिखाने के लिए बधाई दी है. उन्होंने कहा कि देश के सभी व्यक्ति कोरोना से लड़ाई में अपने हिस्से की भूमिका अदा कर रहे हैं.
उन्होंने कहा कि कोरोना वैश्विक महामारी के खिलाफ भारत की लड़ाई बहुत मजबूती के साथ आगे बढ़ रही है. उन्होंने कहा, "आप सभी देशवासियों की तपस्या, आपके त्याग की वजह से भारत अब तक, कोरोना से होने वाले नुकसान को काफी हद तक टालने में सफल रहा है."
पीएम ने कहा, "मैं जानता हूं, आपको कितनी दिक्कत आई हैं. किसी को खाने की परेशानी, किसी को आने-जाने की परेशानी, कोई घर-परिवार से दूर है."
पीएम मोदी ने देश के अलग-अलग हिस्सों में पड़ने वाले त्योहारों और नववर्ष को लेकर देश के सभी लोगों को बधाई और शुभकामनाएं दी है.
पीएम मोदी ने कहा, "आज पूरे विश्व में कोरोना वैश्विक महामारी की जो स्थिति है, आप उसे भली-भांति जानते हैं. अन्य देशों के मुकाबले, भारत ने कैसे अपने यहां संक्रमण को रोकने के प्रयास किए, आप इसके सहभागी भी रहे हैं और साक्षी भी रहे हैं."
पीएम ने कहा कि लॉकडाउन के इस समय में देश के लोग जिस तरह नियमों का पालन कर रहे हैं, जितने संयम से अपने घर में रहकर त्योहार मना रहे हैं, वह बहुत प्रशंसनीय है.
पीएम मोदी ने कहा, "जब हमारे यहां कोरोना के सिर्फ 550 केस थे, तभी भारत ने 21 दिन के संपूर्ण लॉकडाउन का बड़ा कदम उठा लिया था. भारत ने कोरोना की समस्या बढ़ने का इंतजार नहीं किया, बल्कि जैसे ही समस्या दिखी उसे तेजी से फैसले लेकर उसी समय रोकने का प्रयास किया."
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि अगर सिर्फ आर्थिक दृष्टि से देखें तो कोरोना का लॉकडाउन महंगा जरूर लगता है, लेकिन भारतवासियों की जिंदगी के आगे इसकी कोई तुलना नहीं हो सकती.
उन्होंने कहा, "सीमित संसाधनों के बीच कोरोना से लड़ाई के जिस मार्ग पर भारत चला है, उस मार्ग की चर्चा आज दुनियाभर में हो रही है. इन सब प्रयासों के बीच, कोरोना जिस तरह फैल रहा है, उसने विश्वभर के हेल्थ एक्सपर्ट और सरकार को और ज्यादा सतर्क कर दिया है."
पीएम ने कहा, "आज भारत के पास भले सीमित संसाधन हों, लेकिन मेरा भारत के युवा वैज्ञानिकों से विशेष आग्रह है कि विश्व कल्याण के लिए, मानव कल्याण के लिए, आगे आएं, कोरोना की वैक्सीन बनाने का बीड़ा उठाएं."
आप अपने व्यवसाय, अपने उद्योग में अपने साथ काम करे लोगों के प्रति संवेदना रखें,
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि अगले एक सप्ताह में कोरोना के खिलाफ लड़ाई में और सख्ती की जाएगी. अगले 20 अप्रैल तक हर थाने, हर जिले, हर राज्य को बारीकी से परखा जाएगा. लॉकडाउन का कितना पालन हो रहा है, इसका मूल्यांकन किया जाएगा.
पीएम ने कहा, "पूरी निष्ठा के साथ 3 मई तक लॉकडाउन के नियमों का पालन करें, जहां हैं, वहां रहें, सुरक्षित रहें. 'वयं राष्ट्रे जागृयाम', हम सभी राष्ट्र को जीवंत और जागृत बनाए रखेंगे."
अपनी इम्यूनिटी बढ़ाने के लिए, आयुष मंत्रालय द्वारा दिए गए निर्देशों का पालन करें,
पीएम ने कहा, "जो सफल होंगे, जो हॉटस्पॉट नहीं बढ़ने देंगे, वहां पर 20 अप्रैल से कुछ जरूरी चीजों में छूट की अनुमति दी जा सकती है, लेकिन याद रखिए यह अनुमति सशर्त होगी. लॉकडाउन के नियम अगर टूटते हैं तो सारी अनुमति तुरंत वापस ले ली जाएगी."
पीएम ने कहा, "हम धैर्य बनाकर रखेंगे, नियमों का पालन करेंगे तो कोरोना जैसी महामारी को भी परास्त कर पाएंगे. इसी विश्वास के साथमैं आज 7 बातों में आपका साथ मांग रहा हूं."
पीएम ने देश के लोगों से सात बात के लिए साथ मांगा है.
1: अपने घर के बुजुर्गों की देखभाल करें ध्यान रखें. ऐसे व्यक्ति जिन्हें पुरानी बीमारी हो उनकी हमें एक्स्ट्रा केयर करनी है, उन्हें कोरोना से बहुत बचाकर रखना है.
2: लॉकडाउन और सोशल डिस्टेंसिंग जैसी लक्ष्मण रेखा का पूरी तरह पालन करें .
3: फेस कवर और मास्क का उपयोग जरूर करें, अपनी इम्यूनिटी बढ़ाने के लिए आयुष मंत्रालय के निर्देशों का पालन करें.
4: कोरोना संक्रमण को रोकने के लिए आरोग्य सेतु एप डाउनलोड करें, दूसरों को भी आरोग्य सेतु डाउनलोड करने के लिए प्रेरित करें.
5: गरीब परिवार की देखरेख करें. जितना संभव हो उनकी मदद करें. उनकी भोजन की आवश्यकता पूरी करें.
6: आप अपने व्यवसाय अपने उद्योग में अपने साथ काम करने वाले लोगों के प्रति संवेदना रखें. किसी को नौकरी से ना निकालें, किसी का वेतन ना काटें.
7: देश के कोरोनावायरस योद्धा का सम्मान करें. हमारे डॉक्टर, सफाई कर्मी, पुलिसकर्मी, हेल्थ वर्कर ऐसे सभी लोगों का हम सम्मान करें ,आदर पूर्वक उनसे बात करें।