आज़मगढ़।
रिपोर्ट: वीर सिंह
आजमगढ़ 21 अप्रैल-- कोविड-19 महामारी के दृष्टिगत जिलाधिकारी नागेन्द्र प्रसाद सिंह की अध्यक्षता में देर सायं सामाजिक संगठनों के साथ बैठक सम्पन्न हुई।
इस अवसर पर जिलाधिकारी ने समस्त सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों से कहा कि आपके सहयोग के बिना कोई भी कार्य पूर्णतः रूप से सम्पादित नही हो सकता है। इसलिए कोविड-19 महामारी में जो भी संगठन जरूरतमंदों का सहयोग करना चाहता है, वह कर सकता है, लेकिन उसके लिए नीति आयोग के निर्देशों का पालन करना होगा। इसके लिए सामाजिक संगठन जरूरतमंदों की सहायता करने के लिए अपर जिलाधिकारी प्रशासन से सम्पर्क करें। यह भी सूचना उपलब्ध करायें कि वह किस क्षेत्र में कितना सहयोग करना चाहते हैं और उनके आय का श्रोत क्या है, आदि विवरण भी उपलब्ध करायें।
इसी के साथ ही उन्होने बताया कि जिन क्षेत्रों में जरूरतमंद लोगों को सहायता दी जायेगी, वहाॅ पर कर्मचारियों के साथ-साथ संबंधित सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों की उपस्थिति करायी जायेगी। इसी के साथ ही जिलाधिकारी ने समस्त सामाजिक संगठन के प्रतिनिधियों से अपील किया कि आरोग्य सेतु ऐप अपने एन्ड्राय फोन में डाउनलोड करें और लोगों को भी डाउनलोड करने हेतु प्रेरित करें। उन्होने बताया कि भारत सरकार द्वारा कोरोना महामारी से लड़ने एवं आम जनमानस को जागृत करने के लिए आरोग्य सेतु ऐप विकसित किया गया है। वर्तमान में यह ऐप एण्ड्राइड फोन तथा आईओएस फोन पर डाउनलोड हो रहा है, भविष्य में इसे सामान्य फोन पर भी डाउनलोड करने की सुविधा भारत सरकार देने वाली है। यह ऐप गूगल प्ले स्टोर अथवा एप्पल प्ले स्टोर से डाउनलोड किया जा सकता है जिसे डाउनलोड करने के बाद यह प्लूटूथ तथा मोबाइल की लोकेशन के आधार पर कार्य करता है, एक बार इस ऐप को डाउनलोड करने के बाद व्यक्ति अपनी प्रारम्भिक जॉच स्वयं कर सकता है।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी आनन्द कुमार शुक्ला, अपर जिलाधिकारी प्रशासन नरेन्द्र सिंह, संबंधित सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।