बदायूं।
बदायूं: बदायूं के नगर पालिका में कार्यरत महिला सफाईकर्मी को दूसरे पक्ष के युवक ने आज सुबह पीटकर घायल कर दिया। इससे अन्य सफाईकर्मियों में आक्रोश फैल गया। मामले की तहरीर मिलने पर पुलिस ने आरोपी को धर दबोचा। वहीं महिला सफाईकर्मी को मेडिकोलीगल के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है। पुलिस आरोपी के खिलाफ मुकदमे की तैयारी कर रही है। घटना तकरीबन नौ बजे की है। सदर कोतवाली इलाके के मोहल्ला पनबाड़ी निवासी गीता पत्नी स्वर्गीय बंसल नगर पालिका में सफाई कर्मचारी हैं। सुबह वह मोहल्ला खंडसारी में सफाई करने गई थीं। इस दौरान दूसरे पक्ष के एक युवक ने उनके साथ गालीगलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर मारपीट भी की गई। मौके पर अन्य सफाईकर्मी पहुंचे और गीता को हमलावर के चंगुल से बचा लिया। मामले की जानकारी पर महिला के परिजन भी पहुंचे गए और उसे कोतवाली ले गए। यहां पुलिस को मारपीट, गालीगलौज व एससीएसटी की तहरीर दी गई है। सदर कोतवाल विनोद चाहर ने बताया कि आरोपी के खिलाफ मुकदमा लिखा जाएगा। उसे हिरासत में ले लिया गया है।
रिपोर्ट: यीशूदास