आज़मगढ़।
रिपोर्ट: वीर सिंह
जिले की सभी एम्बुलेंस में लगा जीपीएस सिस्टम किया गया अपग्रेड।
जिले में 108, 102 और एएलएस की मौजूद हैं 105 एम्बुलेंस।
आजमगढ़ 15 अक्टूबर-- जिलाधिकारी राजेश कुमार ने कहा कि अब मरीज के काल करने पर उसके सबसे नजदीक मौजूद एम्बुलेंस पहुंचेगी, क्योंकि सभी एम्बुलेंस में लगे ग्लोबल पोजीशनिंग सिस्टम (जीपीएस) को अपग्रेड कर दिया गया है।
जिले की एम्बुलेंस सेवा के नोडल अधिकारी तथा अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी (एसीएमओ) डाॅ0 एके सिंह ने बताया कि जीपीएस सिस्टम अपग्रेड करने का एकमात्र उद्देश्य एम्बुलेंस की लोकेशन और कॉलर की लोकेशन में तालमेल बनाना है। जितनी सटीक जानकारी दोनों के बारे में हो सकेगी एम्बुलेंस उतनी ही शीघ्रता से पहुंच सकेगी। अपग्रेड होने से यह काम आसान हो गया है। इससे आम लोगों को जल्द से जल्द सुविधा मिल सकेगी और समय रहते उनकी जान बचाई जा सकेगी।
108 और 102 नम्बर एम्बुलेंस के प्रोग्राम मैनेजर प्रभाकर यादव ने बताया कि एम्बुलेंस में लगे जीपीएस सिस्टम को लगभग तीन माह पहले (जुलाई 2020) से ही एक-एक कर अपग्रेड किया जा रहा था। अब लगभग सभी में सिस्टम को अपग्रेड कर दिया गया। हालांकि थोड़ी-बहुत दिक्कत आती है लेकिन टेक्नीशियन उसका समाधान कर लेते हैं।
जीपीएस सिस्टम अपग्रेड होने का सबसे बड़ा फायदा यह होगा कि अब मरीज के लिए दूर की नहीं नजदीक की एम्बुलेंस भेजी जाएगी। जैसे ही कालर फोन लगाएगा जो एम्बुलेंस तुरंत उसके नजदीक रहेगी वही पहुंच जाएगी। अभी तक कालर के फोन करने पर यह देखा जाता था कि कौन सी एम्बुलेंस किस लोकेशन पर है लेकिन अब जीपीएस सिस्टम ही बता देगा कि यही एम्बुलेंस सबसे नजदीक है। और उसे ही मौके पर भेज दिया जाएगा। इससे मरीज के समय की बचत होगी। उन्होंने बताया कि इस समय जिले में 108 की 51 एम्बुलेंस, 102 की 52 एम्बुलेंस और एडवांस लाइफ सपोर्ट (एएलएस) की दो एम्बुलेंस, कुल मिलाकर 105 एम्बुलेंस हैं। सभी अपग्रेड हो चुकी हैं।
