Breaking News

छात्र संघ चुनाव को लेकर छात्र नेताओं ने किया धरना प्रदर्शन एसडीएम के आश्वासन के बाद धरना समाप्त।

आज़मगढ़।

रिपोर्ट: वीर सिंह

आज़मगढ़। सगड़ी तहसील के श्री गांधी पीजी कॉलेज मालटारी में छात्र संघ चुनाव कराए जाने को लेकर आज छात्र नेताओं ने पुनः धरना प्रदर्शन करते हुए उपजिलाधिकारी सगड़ी को बुलाने की मांग करने लगे।
छात्रों का कहना था कि हम लोगों ने कई बार प्रशासनिक अधिकारियों को इस संबंध में ज्ञापन के माध्यम से अवगत कराया था और हमें यह आश्वासन दिया गया था कि जल्द ही चुनाव की तिथि घोषित कर दी जाएगी लेकिन अभी तक हम लोगों की बातों पर कोई भी विचार नहीं किया गया और नहीं तो अब त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव को लेकर प्रशासनिक अधिकारी तैयारियों में जुट गए हैं ऐसे में छात्र संघ चुनाव कब कराया जाएगा यह निश्चित नहीं किया जा रहा है जिसको लेकर हम लोग धरनारत है।
 मौके पर पहुंचे जीयनपुर कोतवाली प्रभारी हिमेंद्र सिंह ने छात्र नेताओं को समझाने बुझाने का प्रयास किया लेकिन छात्र नेता उनकी बातों को मानने को तैयार नहीं थे उनका कहना था कि हम लोगों को बार-बार झूठा आश्वासन सिर्फ दिया जा रहा है। वही जीयनपुर कोतवाली प्रभारी ने कहा कि- आप अपना धरना प्रदर्शन शांतिपूर्ण ढंग से करें लेकिन किसी भी प्रकार की अराजकता और जिनका छात्र संघ चुनाव से सरोकार नहीं है उनको लेकर किसी भी प्रकार की नारेबाजी ना करें जिस पर छात्र नेताओं ने अपनी सहमति जताई और धरना प्रदर्शन करते रहे।
इस दौरान शाम लगभग 4:00 बजे उप जिलाधिकारी वागीश कुमार शुक्ल और तहसीलदार विजेंद्र उपाध्याय महाविद्यालय पहुंचे और प्राचार्य डॉ कौशलेंद्र विक्रम मिश्र संग छात्र नेताओं से बातचीत की उन्होंने छात्र नेताओं को समझाते हुए बताया कि- वर्तमान में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव को लेकर शासन का निर्देश है की पंचायत चुनाव को शांतिपूर्ण व निष्पक्ष ढंग से संपन्न कराया जाए और उसी तैयारी को लेकर हम लोग लगे हुए हैं, ऐसे में हम लोगों के लिए छात्र संघ चुनाव कराना संभव नहीं है जैसे ही पंचायत चुनाव खत्म हो जाएगा वैसे ही चुनाव संपन्न करा दिया जाएगा।
वही छात्र नेता कुंदन सिंह ने बताया कि- पिछले 1 वर्षों से हम लोग चुनाव की तैयारियों में जुटे हैं, वही अन्य जनपद में चुनाव करा दिया गया लेकिन हमारे यहां चुनाव क्यों नहीं कराया जा रहा है यह कोई नहीं बता रहा है, हम लोगों की मांग थी कि हमारी समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए उस पर विचार किया जाए और जल्द से जल्द चुनाव की तिथि निर्धारित कर चुनाव कराया जाए। आज उप जिला अधिकारी सगड़ी के आश्वासन पर हम लोगों ने अपना धरना प्रदर्शन खत्म किया है। पंचायत चुनाव के बाद यदि छात्र संघ चुनाव नहीं होता है तो पुनः हम लोग बड़ा आंदोलन करेंगे।
इस दौरान धरना प्रदर्शन करने वाले छात्रों में मुख्य रूप से कुन्दन सिंह, अमित कुमार राना, अर्जुन यादव, देवब्रत सिंह, विवेक सिंह, मुकेश यादव, अभिषेक सिंह, जगदीश कुमार, सुनील गोंड, विशाल कुमार, नीलेश सिंह, आकश पटेल सहित सैकड़ों छात्र रहे।

और नया पुराने