आज़मगढ़।
रिपोर्ट: वीर सिंह
आधार कार्ड और राशन कार्ड की मदद से अंत्योदय कार्ड धारक बनवाएँ आयुष्मान कार्ड।
जनपद में अभी तक 8799 आयुष्मान कार्ड धारकों को मिला मुफ्त इलाज का लाभ।
आजमगढ़, 19 अक्टूबर 2021: अन्त्योदय कार्ड धारकों का मुख्यमंत्री जन-आरोग्य अभियान के तहत आयुष्मान कार्ड सिर्फ आधार कार्ड और राशन कार्ड की मदद से बन सकता है | इसके तहत प्रतिवर्ष प्रति परिवार पांच लाख रूपये तक के मुफ्त इलाज की सुविधा प्राप्त की जा सकती है | मरीज की आयु एवं परिवार की संख्या बाध्य नहीं है | यह कहना है मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ आईएन तिवारी का।
अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी / आयुष्मान भारत योजना के नोडल अधिकारी डॉ वाईके राय ने कहा कि जिले के करीब 400932 अंत्योदय कार्ड धारक सदस्य मुख्यमंत्री जन आरोग्य अभियान (आयुष्मान भारत) से जोडे गए हैं। अब लोग सिर्फ आधार कार्ड और अन्त्योदय राशन कार्ड की मदद से आयुष्मान कार्ड बनवा सकते हैं। इस आयुष्मान कार्ड के साथ अस्पताल में भर्ती होने पर पांच लाख तक निशुल्क इलाज की सुविधा मिलेगी।
योजना से जोड़े गए लाभार्थियों को वही सुविधाएं मिलेंगी जो प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना (आयुष्मान भारत) के लाभार्थियों को मिलती हैं। योजना के तहत एक साल में प्रति परिवार पांच लाख रुपये तक की निशुल्क इलाज की सुविधा है जो भर्ती होने पर ही प्राप्त होती है। मुख्यमंत्री जन आरोग्य अभियान के तहत अभी तक 115081 परिवार जुड़े हैं । इलाज का सारा खर्च योजना के तहत राज्य सरकार वहन करती है।
आयुष्मान योजना के जिला सूचना प्रणाली प्रबन्धक अजय प्रताप सिंह ने बताया कि आयुष्मान भारत योजना के तहत नि:शुल्क इलाज की सुविधा प्राप्त की जा सकती है, जिसके लिए जिले में 25 सरकारी और 15 निजी अस्पताल शामिल हैं। इन अस्पतालों में प्रधानमंत्री जन-आरोग्य योजना के करीब 115081 लाभार्थी परिवारों के साथ-साथ मुख्यमंत्री जन-आरोग्य अभियान के करीब 152641 लाभार्थी परिवार भी इलाज करवा सकते हैं । जनपद में अभी तक 8799 से भी ज्यादा लाभार्थियों को आयुष्मान योजना का लाभ दिया जा चुका है।
इन बीमारियों में ले सकते हैं लाभ - योजना के तहत मातृ स्वास्थ्य और उच्च जोखिम प्रसव की सुविधा, नवजात और बच्चों के स्वास्थ्य, कैंसर, टीबी , कीमोथेरपी, रेडिएशन थेरेपी, हार्ट बाईपास सर्जरी, न्यूरो सर्जरी, आंखों की सर्जरी, दिल की बीमारी, किडनी, लीवर, कोरोनरी बायपास, घुटना प्रत्यारोपण, स्टंट डालना, आंख, नाक, कान और गले से संबंधित बीमारी आदि शामिल हैं। लाभार्थी किसी भी संबद्ध निजी और सरकारी अस्पताल, सहज जनसेवा केंद्र और कामन सर्विस सेंटर (सीएसससी) से आयुष्मान कार्ड बनवा सकते हैं।