आज़मगढ़।
रिपोर्ट: वीर सिंह
आजमगढ़ 22 जुलाई-- क्षेत्रीय क्रीड़ा अधिकारी एके पाण्डेय ने बताया कि भारतीय खेल प्राधिकरण की खेलो इण्डिया सेन्टर एक जनपद एक खेल के अन्तर्गत सुखदेव पहलवान स्पोर्ट्स स्टेडियम, आजमगढ़ में कुश्ती खेल का खेलो इण्डिया सेन्टर स्थापित है।
उक्त खेलो इण्डिया सेन्टर कुश्ती, आजमगढ़ हेतु गोविन्द यादव को अंशकालिक मानदेय कुश्ती प्रशिक्षक के रूप में नियुक्त किया गया है। खेलो इण्डिया सेन्टर कुश्ती, आजमगढ़ हेतु प्रशिक्षार्थियों का चयन/ट्रायल्स का आयोजन दिनांक 23 जुलाई, 2022 को अपरान्ह 03ः00 बजे से स्पोर्ट्स स्टेडियम, आजमगढ़ में किया जायेगा। उक्त चयन/ट्रायल्स में प्रशिक्षार्थियों का चयन दो आयु वर्ग में किया जायेगा। जिसके अन्तर्गत बालक/बालिका खिलाडियों की आयु 09 से 12 वर्ष तथा 12 से 15 वर्ष के मध्य होनी चाहिए। कुश्ती खेलो इण्डिया सेन्टर आजमगढ़ हेतु कुल 30 खिलाड़ियों का चयन किया जायेगा, जिसमें 50 प्रतिशत बालक एवं 50 प्रतिशत बालिकाओं का चयन किया जायेगा। एक वर्ग की संख्या पूर्ण न होने की स्थिति में दूसरे वर्ग के खिलाड़ी का चयन कर निर्धारित संख्या 30 रखी जायेगी। उक्त खेलो इण्डिया सेन्टर का संचालन भारतीय खेल प्राधिकरण एवं खेल विभाग, उ0प्र0 द्वारा उक्त सम्बन्ध में समय-समय पर जारी दिशा निर्देशों/नियमों के अधीन किया जायेगा।
उक्त चयन/ट्रायल्स में भाग लेने के इच्छुक उपरोक्त आयु वर्ग के बालक/बालिका खिलाड़ी दिनांक 23 जुलाई, 2022 को अपरान्ह 03ः00 बजे तक स्पोर्ट्स स्टेडियम, आजमगढ़ में आधार कार्ड एवं जन्म प्रमाण-पत्र तथा दो फोटो के साथ उपस्थित होना सुनिश्चित करें। अधिक जानकारी हेतु क्षेत्रीय खेल कार्यालय, आजमगढ़ में सम्पर्क स्थापित करें।