आज़मगढ़।
रिपोर्ट: वीर सिंह
आजमगढ़ 02 अगस्त-- मुख्य विकास अधिकारी आनन्द कुमार शुक्ला ने बताया है कि केन्द्रीय गृह मंत्रालय द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार जहां भारत के लोग “आजादी के अमृत महोत्सव“ मनाते हुए अपनी प्रिय मातृभूमि के उन बेटे एवं बेटियों को नमन करते हैं, जिनको भारत विभाजन के दौरान अपने प्राण न्यौछावर करने पड़े थे, ऐसे लोगों की याद में तथा भारत की वर्तमान और भावी पीढ़ियों को विभाजन के दौरान लोगों द्वारा सही गयी यातना एवं वेदना का स्मरण दिलाने के लिये 14 अगस्त को विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस के रूप में घोषित करने का निर्णय लिया गया है। इस सम्बन्ध में प्रदेश सरकार द्वारा आजादी के अमृत महोत्सव के अवसर पर सम्पूर्ण प्रदेश में विभिन्न आयोजनों/कार्यक्रमों के साथ दिनांक 14 अगस्त 2022 को विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस के रूप में मनाये जाने का लिये गये निर्णय के परिप्रेक्ष्य में उ0प्र0 शासन, संस्कृति अनुभाग, लखनऊ द्वारा निर्दिष्ट रूपरेखा के अनुसार विभाजन से विस्थापित हुए परिवारों की पहली एवं दूसरी पीढ़ियों को साथ लेकर शरणार्थी बस्तियों/बाजारों अथवा विश्वविद्यालय एवं कालेजों से सभी के हाथों में तिरंगा लेकर मौन जुलूस का आयोजन एवं अभिलेखीय प्रदर्शनी स्थल पर प्रार्थना सभा/शान्ति पाठ, कालेजों/विश्वविद्यालय अथवा चिन्हित स्थलों पर अभिलेखीय प्रदर्शनी, सेमिनार का आयोजन, भारत-पाकिस्तान विभाजन विभीषिका से जुड़ी हुई फिल्मों/डाक्यूमेन्ट्री का प्रदर्शन, नई दिल्ली से प्रस्तावित कार्यक्रम में मा0 प्रधानमंत्री जी के उद्बोधन का प्रदर्शनी स्थल एवं शरणार्थी बस्तियों में सजीव प्रसारण आदि कार्यक्रम आयोजित किये जाने की व्यवस्था प्रदत्त है।
उन्होने बताया कि दिनांक 14 अगस्त 2022 को “विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस“ के अन्तर्गत विभिन्न कार्यक्रमों को सफलतापूर्वक आयोजित कराये जाने हेतु तात्कालिक प्रभाव से जिला विद्यालय निरीक्षक आजमगढ़ को नोडल अधिकारी एवं जिला सूचना अधिकारी आजमगढ़ को सह नोडल अधिकारी नामित करते हुए निर्देशित किया गया है कि आपसी सामन्जस्य स्थापित करते हुए समस्त सम्बन्धित विभागो के जनपद स्तरीय/उत्तरदायी अधिकारीगण से समन्वय स्थापित कर अपने प्रत्यक्ष पर्यवेक्षण/ मार्गदर्शन में शासन की अपेक्षानुसार उक्त विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस के अन्तर्गत विभिन्न कार्यक्रमों का सुव्यवस्थित/सफलतापूर्वक आयोजन कराना सुनिश्चित करें। उपरोक्त स्मृति दिवस के अवसर पर शासनादेश में वर्णित अभिलेखीय प्रदर्शनी, मा0 प्रधानमंत्री जी के उद्बोधन का प्रदर्शनी स्थल एवं शरणार्थी बस्तियों में सजीव प्रसारण एवं गैर सरकारी संगठनों से अपेक्षित सहयोग की कार्यवाही जिला सूचना अधिकारी आजमगढ़ द्वारा नामित नोडल अधिकारी के पर्यवेक्षण में विस्तृत रूपरेखा तैयार कराते हुए सम्पादित करायी जायेगी। प्रश्नगत प्रकरण में जिला पंचायत राज अधिकारी आजनगढ़ द्वारा भी अपनी अहम भूमिका निभाते हुए “विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस“ कार्यक्रम को ग्रामीण अंचलों में सुव्यवस्थित ढंग से मनाये जाने की कार्यवाही की जायेगी। इस प्रक्रिया में सम्बन्धित अधिकारीगण द्वारा आवश्यकतानुसार मुख्य विकास अधिकारी एवं जिलाधिकारी महोदय से समुचित मार्ग दर्शन भी प्राप्त किया जायेगा।