आज़मगढ़।
रिपोर्ट: वीर सिंह
आजमगढ़ 24 सितम्बर-- जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी चेतन सिंह ने जनपद में संचालित समस्त संस्थाओं के प्रबन्धक एवं प्रधानाचार्यों को सूचित किया है कि वित्तीय वर्ष 2022-23 में पूर्वदशम छात्रवृत्ति पिछड़ी जाति के छात्र/छात्राओं को ऑनलाईन आवेदन करने की तिथि 07 अक्टूबर, 2022 एवं संस्थाओं/कॉलेज द्वारा अग्रसारित करने की अन्तिम तिथि 20 अक्टूबर, 2022 निर्धारित है तथा इस प्रकार वित्तीय वर्ष 2022-23 में दशमोत्तर छात्रवृत्ति पिछडी जाति के छात्र/छात्राओं को ऑनलाईन आवेदन करने की तिथि 07 नवम्बर, 2022 तथा संस्थाओं/कॉलेज द्वारा अग्रसारित करने की अन्तिम तिथि 20 नवम्बर, 2022 निर्धारित है। परन्तु अभी तक गत वित्तीय वर्ष 2021-22 की तुलना में छात्र/छात्राओें द्वारा पूर्वदशम एवं दशमोत्तर छात्रवृत्ति में ऑनलाईन आवेदन करने की गति एवं संस्थाओं द्वारा डाटा अग्रसारण की प्रगति बहुत ही धीमी है।
उन्होने सभी संस्थाओं के प्रबन्धक एवं प्रधानाचार्यों को निर्देशित किया है कि छात्र/छात्राओं को अन्तिम तिथि से अवगत करते हुए समयान्तर्गत आवेदन कराये एवं कॉलेज के लॉगिन पर पेण्डिंग डाटा को अन्तिम तिथि का बिना प्रतिक्षा किये अग्रसारित कराना सुश्निचित करें। यदि कोई पात्र छात्र/छात्रा आवेदन से वंचित रहता है तो इसकी सम्पूर्ण जिम्मेदारी सम्बन्धित छा़त्र/छात्रा एवं सम्बन्धित संस्थान की होगी।