आज़मगढ़।
रिपोर्ट: गौरव सिंह राठौर
आजमगढ़ 16 सितम्बर-- जिलाधिकारी विशाल भारद्वाज की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में जल जीवन मिशन की समीक्षा बैठक सम्पन्न हुई।
इस अवसर पर जनपद में कार्यरत कार्यदायी एजेंसी एल0सी0 इंफ्रा और जी0ए0 इंफ्रा के कार्यों की समीक्षा की गई। भारत सरकार की महत्वाकांक्षी योजना जल जीवन मिशन का उद्देश्य हर घर को शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराना है, जिसमें एल0सी0 इंफ्रा को द्वितीय फेस में 250 वॉटर सप्लाई स्कीम पर कार्य करना था, जिसमें उनके द्वारा मात्र 180 स्कीमों पर कार्य प्रारंभ किया गया है। समीक्षा के दौरान एफ0एच0टी0सी0 की प्रगति संतोषजनक नहीं पाये जाने पर कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए जिलाधिकारी ने अधिशासी अभियंता जल निगम को निर्देशित किया गया कि कंपनी के प्रोजेक्ट मैनेजर को कारण बताओ नोटिस जारी करना सुनिश्चित करें।
इसी के साथ ही जिलाधिकारी ने जनपद में चल रहे फील्ड टेस्ट की ट्रेनिंग के कार्यों की समीक्षा की। जिसके अन्तर्गत जनपद में 18910 महिलाओं को प्रशिक्षण देना था, जिसके सापेक्ष मात्र 9078 महिलाएं ही प्रशिक्षित हुई हैं। जिस पर जिलाधिकारी ने अधिशासी अभियंता को निर्देशित किया कि जनपद में चल रहे समस्त कार्यों की समीक्षा आपके माध्यम से किया जाए एवं कार्यों में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
जनपद में जल जीवन मिशन की जागरूकता हेतु प्रचार-प्रसार के लिए आईएसए एजेंसी का चयन किया गया है। जिलाधिकारी ने अधिशासी अभियन्ता जल निगम को निर्देशित किया कि एजेन्सी के कार्यां की मॉनिटरिंग करते हुए कार्यों को समय से पूर्ण करायें।
बैठक में अधिशासी अभियंता जल निगम राम बिहारी अग्रवाल, जिला परियोजना प्रबंधन इकाई से श्रीमती रेखा केशरी, जिला समन्वयक श्री राजमुनि यादव, कार्यदायी संस्था एल0सी0 इंफ्रा एवं जि0ए0 इंफ्रा के प्रतिनिधि, टीपीआई प्रतिनिधि एवं अन्य कर्मचारीगण उपस्थित रहे।