आज़मगढ़।
रिपोर्ट: वीर सिंह
योगमय हुआ आजमगढ़, विश्व योग दिवस से पहले चला जागरूकता अभियान
पुलिस लाइन से सिधारी तक गूंजा योग का संदेश, स्वस्थ जीवन का लिया संकल्प
योग से स्वास्थ्य, आत्मविश्वास और सकारात्मकता का मंत्र, आजमगढ़ में विशेष शिविर आयोजित
आजमगढ़, 19 जून 2026। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस (21 जून) के अवसर पर आजमगढ़ में योग सप्ताह के तहत विभिन्न स्थानों पर भव्य योग शिविरों का आयोजन किया गया। पुलिस लाइन से लेकर मंडलीय विकास भवन परिसर तक योग के प्रति लोगों में उत्साह और जागरूकता देखने को मिली।
पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में पुलिस लाइन आजमगढ़ में आयोजित योग सप्ताह कार्यक्रम में अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। इस दौरान योगगुरु देवविजय यादव ने विभिन्न योगासन, प्राणायाम एवं योग क्रियाओं का अभ्यास कराया। उन्होंने बताया कि नियमित योगाभ्यास व्यक्ति को शारीरिक एवं मानसिक रूप से स्वस्थ रखने के साथ-साथ तनाव को कम कर आत्मविश्वास, एकाग्रता और सकारात्मक सोच को बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों ने नियमित योग करने का संकल्प लिया।
वहीं, सिधारी स्थित मंडलीय विकास भवन परिसर में बने हनुमान मंदिर पर भी योग शिविर का आयोजन किया गया। योगगुरु रवि प्रकाश यादव ने प्रतिभागियों को विभिन्न योग मुद्राओं एवं प्राणायाम का अभ्यास कराते हुए योग के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि योग केवल एक व्यायाम नहीं, बल्कि स्वस्थ, संतुलित और अनुशासित जीवन जीने की वैज्ञानिक पद्धति है। नियमित योग से तनाव, चिंता और अवसाद जैसी समस्याओं से राहत मिलती है तथा शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता मजबूत होती है।
शिविर में उपस्थित लोगों ने उत्साहपूर्वक योगाभ्यास किया और दैनिक जीवन में योग को अपनाने का संकल्प लिया। साथ ही आगामी विश्व योग दिवस पर अधिक से अधिक लोगों को योग से जोड़ने का संदेश भी दिया गया।
इस अवसर पर रामतीर्थ यादव, रामजीत यादव, अवधराज पाल, जयश्री यादव, अभिषेक सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।