Breaking News

सगड़ी में सनसनी: प्रधान पद के दावेदार की गोली लगने से मौत


आज़मगढ़।

रिपोर्ट: वीर सिंह

सगड़ी (आजमगढ़)। जीयनपुर थाना क्षेत्र के केशवपुर महमूद पट्टी गांव में मंगलवार की सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब गांव के एक युवक की गोली लगने से मौत की खबर पूरे इलाके में आग की तरह फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया, जबकि गांव और आसपास के क्षेत्रों में शोक की लहर दौड़ गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया तथा मामले की जांच शुरू कर दी है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, केशवपुर महमूद पट्टी निवासी नागेंद्र यादव उर्फ शिवा राजा (22 वर्ष) पुत्र हरेंद्र यादव का शव गांव के दक्षिण दिशा स्थित नारा के पास एक बाग में मिला। युवक की मौत गोली लगने से हुई है। परिजनों का कहना है कि नागेंद्र ने अपनी कनपटी पर गोली मार ली, जिससे उसकी मृत्यु हो गई। हालांकि घटना की वास्तविक परिस्थितियों और कारणों की पुष्टि पुलिस जांच एवं पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी।

नागेंद्र यादव गांव की सामाजिक एवं राजनीतिक गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभाता था। स्थानीय लोगों के अनुसार वह आगामी ग्राम प्रधान चुनाव का संभावित दावेदार भी माना जा रहा था। उसकी असामयिक मौत से क्षेत्र के लोगों में गहरा दुःख व्याप्त है।

मृतक अपने पीछे माता सोना देवी, पिता हरेंद्र यादव, भाई प्रवीण यादव समेत भरा-पूरा परिवार छोड़ गया है। घटना के बाद परिवार के सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है। घर पर शोक संवेदना व्यक्त करने वालों का तांता लगा हुआ है।

घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए हैं और मामले के सभी पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट एवं जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल मौत के कारणों को लेकर किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी। क्षेत्रवासियों की निगाहें अब पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर टिकी हैं, जिससे घटना की वास्तविक तस्वीर सामने आ सके।

और नया पुराने