आज़मगढ़।
रिपोर्ट: आदर्श श्रीवास्तव
आजमगढ़: शहर से सटे सांगितज्ञों के गांव हरिहरपुर में मंगलवार की शाम को स्थानीय दबंगों ने संगीत से जुड़े परिवार के एक युवा सदस्य की ताबड़तोड़ गोली मारकर हत्या कर दी है। वहीं एक अन्य युवक को पैर में गोली लगने की सूचना है जिसको भर्ती कराया गया है। बताया जा रहा है कि गांव में युवक अपने घर के पास ही था तभी दो अन्य स्थानीय युवक आए और उसको लक्ष्य कर गोली मार दिये। उसके बाद फरार हो गए गंभीर हालत में 20 वर्षीय आदर्श मिश्रा पुत्र राजेश मिश्रा को समीप के एक अस्पताल में ले जाया गया जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने अस्पताल के बाहर ही चक्का जाम कर दिया। सूचना के बाद मौके पर भारी संख्या में पुलिस पहुंच गई थी। जांच पड़ताल जारी थी। आरोपियों की गिरफ्तारी को लेकर दबिश दी जा रही थी। फिलहाल तहरीर मिलने का इंतजार किया जा रहा था।
आदर्श मिश्र की हत्या के बाद मौके पर पंहुचे एसपी अनुराग आर्य ने बताया कि मामले में मुख्य आरोपी चिन्हित कर लिया गया है। दोनो पक्ष एक दूसरे को जानते पहचानते थे , अब आरोपी की गिरफ्तारी के बाद हत्या की वजह सामने आएगी। उन्होंने कहा कि इस मामले में संलिप्त लोगों के खिलाफ कड़ी कार्यवाही की जाएगी। उनकी संपत्ति जब्त करने के साथ ही गैंगस्टर और रासुका में कार्यवाही की जाएगी। पीड़ित पक्ष की सुरक्षा की पूरी जिम्मेदारी पुलिस की है और उन्हें पूरी सुरक्षा प्रदान की जाएगी।