Breaking News

नहीं रहे नेताजी मुलायम सिंह यादव, मेदांता अस्पताल में ली अंतिम सांस, मुलायम युग का अंत।

उत्तर प्रदेश।

रिपोर्ट: गौरव सिंह राठौर

लेख: सपा सरंक्षक और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव का सोमवार को निधन हो गया. वे 82 साल के थे. उन्होंने आज सुबह 8:15 बजे अंतिम सांस ली. मुलायम सिंह यादव को यूरिन संक्रमण, ब्लड प्रेशर की समस्या और सांस लेने में तकलीफ के चलते कुछ दिन पहले मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया था. उनकी तबीयत लगातार नाजुक बनी हुई थी. जैसा कि आपको पता होगा कि मुलायम सिंह यादव का जन्म 22 नवंबर 1939 को इटावा जिले के सैफई गांव में हुआ था. उनके पिता सुघर सिंह यादव एक किसान थे.  मुलायम सिंह यादव मौजूदा वक्त में  मैनपुरी सीट से लोकसभा सांसद हैं. उत्तर प्रदेश की राजनीति हो या देश की राजनीति, मुलायम सिंह यादव को प्रमुख नेताओं में गिना जाता हैं. वे तीन बार UP के सीएम रहे और वो केंद्र सरकार में रक्षा मंत्री भी रह चुके हैं. इसके अलावा मुलायम सिंह 8 बार विधायक और 7 बार लोकसभा सांसद भी चुने जा चुके हैं.आपको बता दें कि मुलायम सिंह यादव ने दो शादियां की थीं. उनकी पहली पत्नी, मालती देवी की मृत्यु मई 2003 में हुई, वह अखिलेश यादव की मां थी. मुलायम ने दूसरी शादी साधना गुप्ता से की. मुलायम सिंह और साधना के बेटे का नाम प्रतीक यादव है. हाल ही में साधना का निधन हो गया था. जिसके बाद से मुलायम सिंह यादव की तबीयत और खराब कहने लगी थी।मुलायम सिंह यादव के निधन पर उनके बेटे और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव भावुक हो गए. समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि मेरे पिताजी और सबके नेताजी नहीं रहे. वहीं सपा समर्थकों में शोक की लहर व्याप्त है. जैसा कि आपको पता होगा कि मुलायम सिंह यादव के इलाज के दौरान अन्य राजनीतिक पार्टियों के हैं वरिष्ठ नेता उनसे मिलने के लिए आते रहे हर किसी ने आज मुलायम सिंह यादव के निधन के बाद उनके मोक्ष प्राप्ति की कामना की।राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने मुलायम सिंह यादव के निधन पर दुख जताया. उन्होंने ट्वीट कर कहा कि देश में जब भी मर्यादित और संसदीय परम्पराओं वाली राजनीति की चर्चा होगी, तो मुलायम सिंह यादव जी का जिक्र जरूर होगा. उनका जाना देश की समाजवादी विचारधारा और राजनीति के लिए बड़ी क्षति है. मेरा सौभाग्य है कि वो सदन में मेरे साथी सदस्य रहे और उनका हमेशा सहयोग मिला. वही पीएम मोदी ने मुलायम सिंह यादव के निधन पर दुख जताते हुए कहा कि मुलायम सिंह यादव जी एक विलक्षण व्यक्तित्व के धनी थे. उन्हें एक विनम्र और जमीन से जुड़े नेता के रूप में व्यापक रूप से सराहा गया, जो लोगों की समस्याओं के प्रति संवेदनशील थे. उन्होंने लगन से लोगों की सेवा की और लोकनायक जेपी और डॉ. लोहिया के आदर्शों को लोकप्रिय बनाने के लिए अपना जीवन समर्पित कर दिया. पीएम मोदी ने आगे लिखा, मुलायम सिंह यादव जी ने यूपी और राष्ट्रीय राजनीति में अपनी अलग पहचान बनाई. वह आपातकाल के दौरान लोकतंत्र के लिए एक प्रमुख सैनिक थे।कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने ट्वीट कर कहा, मुलायम सिंह यादव जी के निधन का दुखद समाचार मिला. भारतीय राजनीति में उप्र के पूर्व मुख्यमंत्री, भारत सरकार के रक्षामंत्री व सामाजिक न्याय के सशक्त पैरोकार के रूप में उनका अतुलनीय योगदान हमेशा याद रखा जाएगा. दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने मुलायम सिंह यादव के निधन पर दुख जताया. उन्होंने ट्वीट कर कहा कि उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और समाजवादी नेता मुलायम सिंह यादव जी के निधन का दुखद समाचार मिला. ईश्वर दिवंगत आत्मा को अपने श्री चरणों में स्थान दें एवं उनके सभी प्रशंसकों और परिजनों को ये अपार दुख सहने की शक्ति दें. ॐ शांति। आपको बता दे की मुलायम सिंह यादव के निधन की खबर के बाद देश में शोक की लहर व्याप्त है हर कोई उनके व्यक्तित्व की सराहना करते हैं उनकी आत्मा की शांति की प्रार्थना कर रहा है।

और नया पुराने